Friday, August 21, 2026
Newspaper and Magzine


विमुक्त घुमंतू समुदायों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना प्राथमिकता: चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 21, 2026 Tags: , , ,

कॉलोनियों में पहुंचकर समस्याएं जानें अधिकारी, आधार कार्ड व पहचान पत्र बनवाने पर दें विशेष जोर

बच्चों की शिक्षा और पोषण पर रहे विशेष फोकस, जागरूकता के लिए लगाए जाएं कैंप

जहां घुमंतू परिवार बसे हैं वहां पानी, बिजली व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश

BOL PANIPAT, 21 अगस्त। विमुक्त, घुमंतू एवं टपरीवास समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में समीक्षा एवं जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं टपरीवास समुदाय के लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें इनका वास्तविक लाभ दिलाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस समुदाय के लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाएं।
उन्होंने कहा कि समुदाय के प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आधार कार्ड और पहचान पत्र बनवाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहें। जिन स्थानों पर इन परिवारों की बस्तियां या अस्थायी आवास हैं, वहां पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बंजारा ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को लेकर विशेष गंभीरता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समुदायों के बच्चों को स्कूलों से जोड़ा जाए और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहित किया जाए। बच्चों की छोटी-मोटी गलतियों को नजरअंदाज करते हुए उन्हें सकारात्मक वातावरण दिया जाए, ताकि वे शिक्षा से जुडक़र आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही इस समुदाय के सामाजिक उत्थान का मजबूत आधार बन सकती है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए समुदाय की बस्तियों और कॉलोनियों में जागरूकता शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं, दस्तावेजों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी जाए और पात्र लोगों को मौके पर योजनाओं से जोडऩे की प्रक्रिया शुरू की जाए।

चेयरमैन ने कुपोषण और शोषण के मामलों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय जमीनी स्तर पर जाकर कार्यों की निगरानी की जाए और इसकी मासिक रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इस कार्य में रुचि लेकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। अधिकारियों को नियमित रूप से समुदाय की कॉलोनियों का दौरा करना चाहिए और वहां रहने वाले लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जहां इन समुदायों की बस्तियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां सोलर लाइट की व्यवस्था एवं इसके लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ इन परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किए गए कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि विमुक्त, घुमंतू एवं टपरीवास समुदाय का कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। बैठक में सीईओ डॉ किरण, निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, डीएसपी मुकेश, सीएमओ विजय मलिक, समाज कल्याण अधिकारी जयपान हुड्डा के अलावा विभिन्न  विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply