पीआरपीसी ने 67वां इंडियनऑयल दिवस उत्साहपूर्वक एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से मनाया
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने 1 सितंबर, 2026 को 67वां इंडियनऑयल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस विशेष दिवस को उद्देश्यपूर्ण बनाने हेतु प्रातःकाल से ही विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) के नेतृत्व तथा अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप) की गरिमामयी उपस्थिति में पीआरपीसी परिवार के सदस्यों ने वॉकथॉन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें टाउनशिप निवासियों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी कटिबद्धता दर्शायी ।

67वां इंडियन ऑयल दिवस के उपलक्ष्य पर प्रोपेल के दो नए ग्रेड का डिस्पैच किया गया । इंडियन ऑयल अध्यक्ष ए एस साहनी ने वर्चुअल माध्यम से झंडा दिखाकर इन दोनों नए उत्पादों को डिस्पैच किया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक (पॉलीमर) बसु और पानीपत रिफाइनरी एवं पीपीएमसी की टीम उपस्थित रही।
मुख्य समारोह पानीपत रिफाइनरी के मेन कंट्रोल रूम में आयोजित किया गया, जहाँ एम. एल. डहरिया ने इंडियनऑयल की शपथ दिलाई। इंडियनऑयल के अध्यक्ष ए. एस. साहनी का संदेश श्री अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप) द्वारा पढ़ा गया, वहीं निदेशक (रिफाइनरी) एवं निदेशक (पाइपलाइन्स) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अरविंद कुमार का संदेश सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (पीएनसी) ने प्रस्तुत किया। इंडियन ऑयल पानीपत रिफायनरी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संपूर्ण सिंह एवं इंडियन ऑयल ऑफिसर एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने भी सभी को संबोधित किया और कॉरपोरेशन के विकास और समृद्धि के लिए प्रेरित किया।
सभा को संबोधित करते हुए एम. एल. डहरिया ने भारत की अग्रणी ऊर्जा कंपनी का हिस्सा होने पर गर्व व्यक्त किया और उन अग्रदूतों को स्मरण किया जिन्होंने उत्कृष्टता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने आसपास के गाँवों के सरपंचों एवं निवासियों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सदैव पानीपत रिफाइनरी को सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने यह भी गर्वपूर्वक उल्लेख किया कि इंडियनऑयल का उच्च प्रबंधन सदैव टीम पीआरपीसी पर विश्वास करता आया है और विशेष रूप से हरित ऊर्जा उत्पादन एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए नई प्रौद्योगिकी परियोजनाओं की जिम्मेदारी पीआरपीसी को सौंपकर उसके योगदान को और भी सशक्त किया है।
शाम को एक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें डीपीएस के छात्रों, विदुषी क्लब, कर्मचारी क्लब एवं अधिकारी क्लब के सदस्यों ने नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने मेधावी छात्रों, सजेशन स्कीम और दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।

Comments