Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी ने स्थानीय स्कूलों में स्वच्छता और सफाई को बढ़ावा देने हेतु जानकारी दी

By LALIT SHARMA , in Business , at July 9, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स द्वारा 1 से 15 जुलाई तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता एवं सफाई को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं। इसी कड़ी में, पीआरपीसी ने पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोहंड, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ददलाना तथा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रजापुर में इनसिनिरेटर युक्त सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें (यानी ऐसी मशीनें जिनमें पैड उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके निपटान की सुविधा भी हो) स्थापित कीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने संजय कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की उपस्थिति में छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस शपथ के माध्यम से उन्होंने व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया और छात्रों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।

इस पहल का उद्देश्य किशोरी छात्राओं में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को सशक्त बनाना तथा इस विषय में जागरूकता बढ़ाना है। इन मशीनों से लगभग 700 छात्राओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। स्कूल समुदायों द्वारा इस पहल की भूरी-भूरी सराहना की गई है।

कार्यक्रम में एक “कचरा पृथक्करण खेल” (Waste Segregation Game) का आयोजन भी किया गया, जिसके माध्यम से छात्रों को सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग करने की प्रक्रिया को रोचक तरीके से समझाया गया।

पीआरपीसी की यह पहल न केवल महिला छात्रों के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को बढ़ावा देती है, बल्कि विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक ज़िम्मेदारी के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न करती है, जिससे एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं संवेदनशील छात्र समुदाय के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।

Comments