ब्राह्मण माजरा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम आज
विभिन्न विभागों के स्टालों के माध्यम से लोगों को दी जाएगी सरकार की योजनाओं की जानकारी
जिला प्रशासन के सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं का करेंगे निवारण
BOL PANIPAT , 13 जून। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा जिले के ब्राह्मण माजरा गांव में हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन को उनके द्वार पर ही सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से जनहित में शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसी के साथ-साथ जिला प्रशासन के सभी अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनकर उनका निवारण भी करेंगे।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एडीसी वीना हुड्डा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत सभी अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निवारण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा शुरू की गई तमाम योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ आमजन का जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सीधा जुड़ाव भी करेगा। सभी विभाग अपना-अपना स्टाल लगाकर लोगों को सम्बंधित विभाग द्वारा जनहित में शुरू की गई योजनाओं की भी जानकारी देंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से गांव में ही आमजन के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेडिकल कैम्प, पौधारोपण, राहगीरी आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Comments