Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी और उसका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी: डॉ. संजय

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 6, 2025 Tags: , , , ,

-जनता की हर समस्या का होगा समाधान, अधिकारी करेंगे तत्परता से कार्रवाई

-जनता समाधान शिविर में अधिकारियों ने दिखाया जनसेवा का संकल्प

-समाधान शिविर में दर्ज हुई 56 शिकायतें, कई का हुआ मौके पर समाधान

BOL PANIPAT , 6 नवंबर। जिला उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को आयोजित किए गए जनता समाधान शिविर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए जन शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही या कोताही न बरती जाए।

    डॉ. संजय ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना ही हमारी प्राथमिकता है। प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि शिकायतकर्ता को त्वरित राहत मिल सके। जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, और उसका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए और हर नागरिक को संतुष्टि मिले, यही इस शिविर का उद्देश्य है।

    डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय की गारंटी है। हर शिकायत का निष्पक्ष और शीघ्र समाधान किया जाएगा। कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता के साथ जनता के साथ खड़ा है और हर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

    शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। प्रार्थी गुलशन ने कंपनी द्वारा किए गए नाजायज कब्जे की शिकायत रखी, जबकि बलाना निवासी ने अवैध कब्जे पर रोक लगाने की मांग की। प्रार्थी यशपाल ने जीटी रोड पर अवैध समर्सिबल ट्यूबवेल हटाने की प्रार्थना की। प्रार्थी शांति देवी ने राशन कार्ड शुरू करवाने की मांग रखी, वहीं एक अन्य प्रार्थी ने मजदूरी कॉपी हटवाने की गुहार लगाई। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Comments