पीआरपीसी में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का उद्देश्यपूर्ण आयोजन.
BOL PANIPAT :- 23 फरवरी, 2024, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस को बड़े ही सार्थक एवं उद्देश्यपूर्ण रूप में मनाया गया । इस अवसर पर तरुण कुमार बिसई, मुख्य-महाप्रबंधक (मा.संसा) के मार्गदर्शन में आशुतोष चन्द्र झा, वरिष्ठ हिन्दी अधिकारी ने ‘बहुभाषी कविता पाठ’ का आयोजन दिनांक 21-22 फरवरी, 2024 को पानीपत रिफाइनरी एवं नेफ्था क्रैकर संयंत्र में आयोजित किया। इस कार्यक्रम में रिकार्ड 90 प्रतिभागियों ने प्रतिभागिता की। ‘बहुभाषी कविता पाठ’ के अंतर्गत सभी कर्मचारियों को अपनी मातृभाषा में कविता अथवा गीत प्रस्तुत करना था जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इस रूचिकर कार्यक्रम में आर एल मिढा, प्रबन्धक (का.सं.) व विजेंदर कुमार, प्रबन्धक (क. स.) ने जज के रूप में अपनी सेवाएँ दी ।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य अपनी भाषा की प्रतिभा के माध्यम से सभी भाषाओं को समान रूप से सम्मान, आपसी भाईचारा, स्नेह व राष्ट्र के प्रति समर्पण के संदेश को सुनिश्चित कराना तथा इन भाषाओं की समृद्धि और महत्व को बढ़ावा देना था। एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, (पीआरपीसी) एवं अध्यक्ष नराकास ने इस विशिष्ट कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि सभी भाषाओं का महत्व अत्यंत अद्भुत है और इसे समझने का यह एक उत्कृष्ट अवसर है ।
इस अवसर पर आशुतोष चन्द्र झा ने उपस्थित प्रतिभागियों को ‘मातृभाषा दिवस’ को मनाने के पीछे के इतिहास की जानकारी दी । इस आयोजन में भाग लेने वाले कर्मचारियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से भाषाओं की सुंदरता को सशक्त बनाया। प्रतिभागियों ने इस अवसर पर पंजाबी, हरियाणवी, भोजपूरी, बांग्ला, तेलुगु, उर्दू, ब्रज आदि भाषाओं में अपनी कविता पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। सभी के धन्यवाद के साथ दो दिन तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के इस आयोजन का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Comments