राम मोहन राय ने पानीपत के वयोवृद्ध गांधीवादी, खादी एवं रचनात्मक कार्यकर्ता रूप राम यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया.
BOL PANIPAT : गाँधी ग्लोबल फैमिली के महासचिव राम मोहन राय ने पानीपत के वयोवृद्ध गांधीवादी, खादी एवं रचनात्मक कार्यकर्ता रूप राम यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है. रूप राम भाई के नाम से जाने जाते यादव ने सौ वर्ष का जीवन जीया तथा खादी जगत की महान विभूति सोम भाई तथा भीम सेन के साथ मिल कर खादी ग्रामोद्योग की स्थापना तथा अपने गुरु महात्मा गांधी के संदेश, सिद्धांतो एवं विचारों के प्रचार प्रसार के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन व्यतित किया. पानीपत में हाथ करघा के माध्यम कंबल उद्योग को विकसित करने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. इतना ही नहीं पानीपत को जिला बनाने के आंदोलन में भी उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई. महेश भाई के साथ पानीपत नागरिक मंच के संस्थापकों में से वे एक थे.
100 वर्ष की आयु में भी वे पूर्णतः स्वस्थ एवं मानसिक रूप से चेतन थे . वे मेरे माता-पिता स्व0सीतारानी व मास्टर सीताराम सैनी के अभिन्न मित्र एवं सहयोगी रहे थे .
उनका जन्म बड़ोत(उत्तरप्रदेश)के एक गांव में 1924 में हुआ. गांधी विचार में ओतप्रोत होकर डॉ गोपी चंद भार्गव (पूर्व मुख्यमंत्री, पंजाब) तथा खादी जगत की महान विभूति सोमदत्त वेदालंकार तथा चौधरी भीमसेन की प्रेरणा से वर्ष 1956 में खादी आश्रम, पानीपत में सेवा प्रारम्भ कर ऊनी विभाग के अनेक वर्षो तक प्रबन्धक रहे.
वर्ष 1967 में पानीपत में हुए प्रांतीय नशाबंदी सम्मेलन के वे, दादा गणेशी लाल, सोम भाई, स्वामी आनंद रंक बंधु, जगदीश चंद्र जौहर, चौधरी निरंजन सिंह, प्रभातशोभा पंडित, प्रो0 शेर सिंह सहित मेरी माता सीतारानी के संयुक्त नेतृत्वकारी दस्ते में शामिल रहे.
1991-92 में पानीपत को जिला बनाने के आंदोलन में भी वे सक्रिय रहे. महेश दत्त शर्मा के साथ मिलकर हम लोगों ने पानीपत नागरिक मंच की भी स्थापना की. उनके पांच पुत्र है जो उनकी वैचारिक विरासत को भी सम्भाल रहे है.
पुत्र वधु ओमवती नगर की प्रमुख शिक्षाविद है तथा उनकी अन्य पुत्रवधू मधु यादव, माता सीता रानी सेवा संस्था में पदाधिकारी है. भाई जी की स्व0 पत्नि विद्यादेवी भी जीवनपर्यंत महिला आर्य समाज में सक्रिय रहीं.

Comments