Sunday, August 2, 2026
Newspaper and Magzine


कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 2, 2026 Tags: , , , , , ,

यात्रा मार्गों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों की बैठक लेकर सौंपे स्पष्ट दायित्व

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल तैनाती और सतत गश्त करने के दिए निर्देश

BOL PANIPAT, 02 अगस्त : कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने रविवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग सभागार में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नरेंद्र कादियान, डीएसपी मुकेश कुमार, डीएसपी प्रणय कुमार व सभी थाना प्रबंधक, क्राइम यूनिट प्रभारी, चौकी इंचार्ज तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए तथा भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व निर्बाध मार्ग उप्लबंध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दुर्घटना अथवा कानून व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न न होने पाए, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ यात्रा मार्ग पर मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर निरंतर पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए तथा कंट्रोल रूम के साथ सतत समन्वय बनाकर रखे। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीमें तत्काल प्रतिक्रिया देने की स्थिति में रहें।

यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि वैकल्पिक मार्गों, डायवर्जन प्वाइंट, पार्किंग स्थलों और बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था समय रहते पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा से बचाना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। इसके लिए ट्रैफिक प्रबंधन वैज्ञानिक ढंग से किया जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में व्यक्तिगत रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करे और कमियां नजर आने पर उसे तुरंत दुरूस्त कराए।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है और पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं को पूर्णतः सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पानीपत पुलिस श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने देने की व्यवस्था की जा रही है। इसी के चलते 30 जुलाई से 11 अगस्त कावड़ यात्रा समापन्न तक पानीपत की और से सनौली होते कैराना यूपी जाने वाले भारी वाहनों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। भारी वाहन पानीपत से घरौंडा, करनाल से सहारनपुर यूपी में प्रवेश करें। इसी के साथ जब यात्रा अंतिम चरण में होगी तब जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी वाहनों का रूट डावर्ट किया जाएगा।

Comments


Leave a Reply