Sunday, August 2, 2026
Newspaper and Magzine


कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था होगी चाक-चौबंद : उपायुक्त

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 2, 2026 Tags: , , , , ,

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

शिविर सड़क से 50 मीटर दूर पर लगें, सफाई और सुरक्षा में ना हो कोई लापरवाही

कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी, सांपों से बचाव से लेकर रोशनी तक के दिए सख्त निर्देश

BOL PANIPAT , 2 अगस्त। जिले में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। कांवड़ यात्रा जिन-जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उन सभी मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के लिए लगाए जाने वाले सभी शिविर मुख्य सड़क से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर स्थापित किए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहे। उन्होंने कहा कि शिविरों के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सड़कों के किनारे उगी घास और झाड़ियों की तत्काल कटाई कराई जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की संभावना न रहे।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जहां भी कांवड़ शिविर लगाए जा रहे हैं, वहां टैंट के पीछे हल्की खुदाई अवश्य कराई जाए ताकि सांप या अन्य जहरीले जीव टैंट के भीतर प्रवेश न कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करे और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां भी कमी दिखाई दे, उसे तुरंत दूर किया जाए।
उन्होंने बताया कि सोमवार को वह स्वयं विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण करेंगे और मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा संपन्न कर सकें।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता, स्वच्छता और सुरक्षा के सभी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी न छोड़ी जाए। जिला प्रशासन प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Comments


Leave a Reply