शराब ठेक पर लूट करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर थाना समालखा पुलिस ने की पूछताछ.
BOL PANIPAT : 30 मई 2024,थाना समालखा पुलिस ने करहंस गांव के पास स्थित शराब ठेके पर हथियार के बल पर लूट करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को बुधवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल कर गहनता से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान सुरेश उर्फ नींबू निवासी करहंस व विशाल निवासी ढुराना सोनीपत के रूप में हुई। दोनों आरोपी लूट के अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद थे।
रिमांड के दौरान आरोपियों ने पूछताछ में मामले में पहले पकड़े जा चुके अपने चार साथी आरोपी बलराम निवासी करहंस, सुमित निवासी गौतम नगर गोहाना हाल अदियाना, सोमबीर निवासी घिलौड़ कला रोहतक व विशाल निवासी इसराना के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
समालखा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने लूट की राशि में से हिस्से में आए 7 हजार रूपयों में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 1800 रूपये बरामद कर रिमांड अवधी पूरी होने पर वीरवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि थाना समालखा में महावीर पुत्र मांगेराम निवासी आर.के पुरम कॉलोनी पानीपत ने शिकायत देकर बताया था कि उसके पास गांव करहंस, माच्छरौली, बापौली रोड व झट्टीपुर में शराब के ठेके है। 15 फरवरी की शाम करीब 6:15बजे वह करहंस गांव में स्थित शराब ठेके के बाहर खड़ा होकर राकेश से बात कर रहा था। सेल्समैन मनीष ग्राहकों को शराब दे रहा था। तभी एक काले रंग की एलेंटरा गाड़ी ठेके के पास आकर रूकी। कार में सवार 4 युवकों में से 2 युवक नीचे उतरे और ठेके में घूसकर पिस्तौल तानकर सेल्समैन से 25860 रूपये कैश लूट कर गांव की तरफ फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने मच्छरौली गांव में उसके दूसरे शराब ठेके पर सेल्समैन अंकित से हथियार के बल पर रेड लेबल की दो बौतल लूट कर ले गए। महावीर की शिकायत पर थाना समालखा में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments