सफाई कर्मचारी बच्चों को दें अच्छी शिक्षा: इंजीनियर कृष्ण कुमार।
-हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष ने प्रशासन के साथ की समीक्षा बैठक
-प्रशासन समय समय पर करें सफाई कर्मचारियों के लिए स्वस्थ्य शिविर का आयोजन
-आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर जानी उनकी समस्याएं
BOL PANIPAT , 2 जनवरी। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष इंजीनियर कृष्ण कुमार ने गुरूवार को जिला सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की व सफाई कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को सामाजिक, आर्थिक व शैक्षणिक जीवन में सुधार करने तथा सफाई कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इससे पूर्व सफाई कर्मचारियों व ग्रामीण कर्मचारियों के सामने आने वाली समस्याओं को लेकर कर्मचारियों से बातचीत की व उसके समाधान करने का आश्वासन दिया।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार प्रयत्नशील है। उन्हें वो सब सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है जो उनसे व उनके कार्य से ताल्लुक रखती है। उन्होनें कहा कि भविष्य में सफाई कर्मचारियों के साथ कोई दुघर्टना न घटे इसको लेकर सरकार कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयास कर रही है।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारियों को ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों का डाटा भी भेजने के निर्देश दिए। साथ ही साथ कर्मचारियों को ईपीएफ ईएसआई कटता है या नहीं इसके बारे में भी जानकारी हासिल की।
आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों से आहवान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी तालीम दे व उन्हेें इस तरह से शिक्षित करें की वे अपना जीवन सम्मान के साथ जी सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे स्वच्छ भारत अभियान को लेकर और गंभीरता से कार्य करें।
आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के स्वस्थ्य को लेकर हैल्थ शिविर लगाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कार्य जोखिम भरा है। इसके लिए जागरूक होने की आवश्यकता है। सरकार वो सब सुविधाएं प्रदान कर रही है जिनसे दुघर्टना होने का अंदेशा कम होगा। आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय समय पर मॉक ड्रील करें ताकि सफाई कर्मचारी बड़ी दुघर्टना होने से अपने आप को बचा सकें।
निगम कमिशनर डॉ.पंकज ने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए 1 हजार के करीब कर्मचारियों को अच्छी क्वालटी के मास्क व गल्बज दिए जाएगें। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को डाटा संग्रह करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीटीएम टीनू पोसवाल, सीएमओ जयंत आहुजा, डीएसपी सतीश वत्स, डीडीपीओ मनीष मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जीएम रोडवेज विक्रम कम्बोज, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ कंचन लता के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments