सत्संग से महका बुजुर्गों का दिन, भजनों और खेलों के संग बांटी ख़ुशियाँ – राज नन्दा
इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन ने ‘सीनियर केयर – टच द रूट्स, स्प्रेड द जॉय’ के अंतर्गत पानीपत सिटी में आयोजित किया विशेष कार्यक्रम।
BOL PANIPAT । वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में खुशियों के रंग भरने, उन्हें आध्यात्मिक शांति प्रदान करने और आपसी मेलजोल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की ओर से ‘सीनियर केयर – टच द रूट्स, स्प्रेड द जॉय’ परियोजना के अंतर्गत एक विशेष सत्संग एवं आनंदमयी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 वरिष्ठ नागरिकों, जिनमें महिला एवं पुरुष दोनों शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कंवल आहुजा के निवास स्थान पर सत्संग और प्रभु-सिमरन से हुई। सभी वरिष्ठ नागरिकों ने एक साथ बैठकर श्रद्धा एवं भक्ति भाव से भगवान का नाम लिया। भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में कुछ पल बिताकर सभी ने आत्मिक शांति और आनंद का अनुभव किया।
सॉंझी सागर ने कहा कि इसके पश्चात उन्होंने आपस में अपने जीवन के अनुभव, पुरानी यादें और रोचक किस्से साझा किए। मनोरंजक खेलों एवं आपसी बातचीत ने कार्यक्रम में और भी उल्लास भर दिया। हंसी-खुशी से सराबोर इस आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों ने न केवल भरपूर आनंद लिया बल्कि एक-दूसरे के साथ आत्मीयता और अपनत्व के सुंदर पल भी बिताए।
क्लब की प्रधान ज्योत्सना गर्ग ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन की सीख हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनके जीवन में प्रसन्नता लाना और उन्हें सम्मान एवं अपनत्व का अनुभव कराना हम सभी का दायित्व है।
सचिव मंजरी गोयल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वरिष्ठ नागरिकों को एक-दूसरे से जुड़ने, अपने मन की बातें साझा करने और अकेलेपन से दूर रहकर आनंदमय समय बिताने का अवसर प्रदान करते हैं।
जेडसीसी डॉ. अनु कालड़ा, चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. कंचन सागर और डॉ. दीप्ति जैन ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता के रिश्तों को मजबूत बनाते हैं।
इस आयोजन में राज नंदा ने विशेष सहयोग प्रदान किया। राज नन्दा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर खिली मुस्कान ही इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
कार्यक्रम की जानकारी क्लब एडिटर डॉ. दीप्ति जैन ने दी।
क्लब का यह प्रयास इस संदेश को सार्थक करता है कि उम्र भले ही बढ़ती जाए, लेकिन जीवन में खुशियां बांटने, रिश्तों को संजोने और मुस्कुराने का उत्साह कभी कम नहीं होना चाहिए।

Comments