Thursday, September 3, 2026
Newspaper and Magzine


विदेश भेजने के नाम पर 32.85 लाख रुपए की ठगी करने का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 3, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT, 03 सितंबर : थाना किला पुलिस ने डाबर कॉलोनी निवासी दो युवकों को अमेरिका भेजने के नाम पर 32 लाख 85 हजार रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के फरार दूसरे आरोपी सेक्टर-11 निवासी धर्मवीर को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया।

थाना किला प्रभारी इंस्पेक्टर दिवान सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी कमलजीत तथा फरार नामजद आरोपी सतविंदर कौर व सुरेंद्र कौर के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी धर्मवीर को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही ठगी गई नकदी बरामद करने तथा फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।

यह है मामला:
थाना किला में डाबर कॉलोनी निवासी महिला किरण पत्नी देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके बेटे सन्नी ने मामा रमेश के साथ करीब 5 साल से कॉलोनी में डीजे की दुकान की हुई है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात पड़ोसी कमलजीत, उसकी पत्नी सतविंदर कौर, मां सुरेंद्र कौर व साले धर्मवीर से हुई। उन्होंने बताया कि वे बच्चों को विदेश भेजने का काम करते हैं। पंजाब व चंडीगढ़ का काम वहां ट्रैवल्स एजेंसी में निर्मल व राजेश सिंह संभालते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों बच्चों को अमेरिका भेज दो, वहां अच्छी कमाई होगी।
उनकी बातों पर विश्वास कर उसने 21 लाख 85 हजार रुपये नकद दे दिए। इसके बाद रमेश को दुबई तथा बेटे सन्नी को अमेरिका भेजने के नाम पर इक्वाडोर भेज दिया गया। वहां उसके बेटे सन्नी को गिरफ्तार कर वापस भारत भेज दिया गया। पैसे वापस देने के लिए कहने पर आरोपियों ने कहा कि वे उसके भाई रमेश को अमेरिका भेज देंगे। इसके लिए उन्होंने उससे और पैसे मांगे। उनकी बातों पर विश्वास कर उसने हामी भर दी।
इसके बाद उससे 11 लाख रुपये और लेकर उसके भाई रमेश को अमेरिका भेजने के नाम पर दुबई भेज दिया गया। वहां उसका वीजा समाप्त हो गया, जिसके बाद उसे वापस भारत भेज दिया गया।
इस प्रकार आरोपियों ने उससे 32 लाख 85 हजार रुपए ठग लिए। थाना किला में किरण की शिकायत पर धोखाधड़ी सहीत संबंधित धाराओ व इमिग्रेशन एक्ट का अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply