Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


पिस्तौल से जानलेवा हमला करने मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at November 9, 2025 Tags: , , , , ,

आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके मुख्य आरोपी के साथ मिलकर साजिश रचकर देसी पिस्तौल खरीदकर लाने के लिए पैसे दिए थे.

BOL PANIPAT : 09 नवंबर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए टू पुलिस टीम ने मतलौडा में बारबर शॉप संचालक राहुल पर गोली चला जानलेवा हमला करने मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को शनिवार देर शाम को मतलौडा में जोशी रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मतलौडा निवासी विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई है। सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया कि पूछताछ में आरोपी विकास उर्फ विक्की ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी मतलौडा निवासी भिक्खन के साथ मिलकर रंजिशन उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।

     प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी भिक्खन को पुलिस ने वारदात के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया था वह कुछ दिन पहले राहुल की दूकान पर कटिग करवाने गया था। तब राहुल ने उसे नंबर आने पर कटिंग करने के लिए बोला। इस बात को लेकर वह राहुल से रंजिश रखने लगा और अपने दोस्त विकास उर्फ विक्की को यह बात बताई। उन दोनों ने राहुल को इसका मजा चखाने की साजिश रची और विकास उर्फ विक्की से 20 हजार रूपए लेकर वह यूपी से देसी पिस्तौल व रौंद खरीदकर लाया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया था उसने राहुल पर जांनलेवा हमला करने के बाद पिस्तौल विकास को दे दी थी। आरोपी भिक्खन को न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ विक्की की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया की पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ विक्की को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल बरामद करने का प्रयास करेगी।

यह है मामला

थाना मतलौडा में मतलौडा निवासी राहुल पुत्र जगबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि मतलौडा में भगत सिंह चौक पर उसकी बारबर शॉप है। 14 जनवरी को वह दूकान का सामान लेने के लिए बाइक पर सवार होकर किरयाना की दूकान पर गया था। वापिस दूकान पर लौटते समय मतलौडा सब्जी मंडी के मैन गेट के पास उसका दोस्त शिवा अपने भाई के साथ गाड़ी लेकर खड़ा था। उसने उनके पास बाइक रोक ली और बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद दोस्त शिवा व उसका भाई गाड़ी लेकर चले गए। सामने भिक्खन पुत्र कृष्ण निवासी मतलौडा बाइक को रोककर खड़ा था। भिक्खन ने पेंट की जेब से पिस्तौल निकलकर जांन से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। इसमे वह बाल बाल बचा। इसके बाद भिक्खन उसकी कमर पर पिस्तौल सटा कर बाइक के पीछे बैठ गया और धमकी देते हुए गांव शेरा की तरफ चलने के लिए कहा। वह डर के मारे उसके कहे अनुसार बाइक पर भिक्खन को लेकर शेरा की तरफ चल दिया।रास्ते में गौगामेड़ी चौक के नजदीक पहुंचा तो डेरे के पास उसका पिता व अन्य व्यक्ति बैठे दिखे। उसने पास जाकर बाइक रोक दी और पिता को बताया भिक्खन ने उसके पीछे पिस्तौल लगा रखी है। इतना सुनते ही भिक्खन ने बाइक से छलाग लगाकर उनकी तरफ पिस्तौल तान दी और धमकी दी कि उसकी तरफ देखा तो गोली चला देगा। आसपास के लोग इक्कठा हुए तो आरोपी उन्हें देखकर पिस्तौल सहित मौके से फरार हो गया। थाना मतलौडा में राहुल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 351(3) व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।

Comments