लूट गिरोह के बदमाशों से लूटा गया सामान खरीदने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 18 नवम्बर 2024, सीआईए वन पुलिस टीम ने हाईवे पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के बदमाशों से लूटा गया सामान खरीदने वाले दूसरे आरोपी को सेक्टर 18 मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बिलाल निवासी मेरठ यूपी के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उनकी टीम ने पुलिस अधीक्षक श्री लोकेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए हाईवे पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पिछले दिनों गिरोह के सरगना हथवाला निवासी आरोपी आमिर, भारत नगर निवासी आरोपी मन्नु व हथवाला निवासी आरोपी आदिल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने पांच अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर पानीपत, दिल्ली में एक-एक व सोनीपत में तीन ट्रक लूट की वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। लूट की उक्त वारदातों बारें संबंधित थाना में अभियोग दर्ज है।
पानीपत में ट्रक लूट की उक्त वारदात बारे थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में चढ़ाऊ मोहल्ला निवासी ट्रक चालक रामतेज की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ में पानीपत पुलिस लाइन के नजदीक से लूटे ट्रक का सामान दूसरे केंटर में लोढ़ कर सामान यूपी के मेरठ ले जाकर वहा मुकम्मिल नाम के युवक को 3 लाख 50 हजार रूपए में उधार में बेचने बारे स्वीकारा था।
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा गाड़ी बरामद कर गहनता से पूछताछ करने के लिए पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 9 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया था। रिमांड के दौरान पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर बीती 9 नवम्बर को आरोपी मुकम्मिल को यूपी के मेरठ से गिरफ्तार किया। आरोपी मुकम्मिल ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी बिलाल निवासी मेरठ के साथ मिलकर पार्टरनशिप में लूट का उक्त सामान खरीदने बारे स्वीकारा था।
गहनता से पूछताछ करने व लूटा गया सामान बरामद करने के लिए पुलिस ने 10 नवम्बर रविवार को आरोपी मुकम्मिल को माननीय न्यायालय में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया था।
रिमांड के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी मुकम्मिल की निशानदेही पर आरोपी बिलाल को 17 नवम्बर रविवार को सेक्टर 18 मोड़ से गिरफ्तार किया।
प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपी बिलाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने व मुकम्मिल ने आरोपियों से लूट का सामान खरीदने के बाद सामान मुकम्मिल के देहरादून वाले गोदाम में उतारने के लिए कहा था।
वारदात में शामिल फरार तीन आरोपी केंटर को गौदाम पर ले जा रहे थे इसी दौरान मेरठ में सेल टैक्स विभाग की टीम ने कैंटर को पकड़ लिया। तीनों आरोपी कैंटर को छोडकर मौके से फरार हो गए थे। सामान सेल टैक्स विभाग मेरठ की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया था।
प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया पूछताछ के बाद रविवार को आरोपी बिलाल व रिमांड अवधी पूरी होने पर आरोपी आमिर, मन्नु, आदिल व मुकम्मिल को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments