Sunday, October 4, 2026
Newspaper and Magzine


सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम, सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 4, 2026 Tags: , , , , ,

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगा सेवा और संस्कार का संदेश : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

5 और 6 अक्टूबर को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जनप्रतिनिधि रहेंगे मुख्य अतिथि

सेवा संकल्प अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव का संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम

BOL PANIPAT , 4 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 और 6 अक्टूबर को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब सेवा की भावना जनभागीदारी से जुड़ती है तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक और स्थायी होता है। नुक्कड़ नाटक जैसे प्रभावी माध्यमों से संदेश को सरल एवं रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है, जिससे युवा वर्ग और आमजन सामाजिक विषयों के प्रति अधिक जागरूक होंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य समाज में यह भावना मजबूत करना है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकता है। सेवा का अर्थ केवल किसी जरूरतमंद की सहायता करना नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, जरूरतमंदों का सहयोग और सार्वजनिक हित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे सेवा भावना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि 5 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाल बत्ती में मेयर कोमल सैनी तथा दोपहर 1 बजे वैश्य कॉलेज, समालखा में विधायक मनमोहन भड़ाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसी प्रकार 6 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूरवाला में शिक्षा मंत्री ममहापाल ढांडा, प्रातः 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, पानीपत में विधायक प्रमोद विज तथा एसडी विद्या मंदिर स्कूल, पानीपत में सांसद मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे राजकीय महिला महाविद्यालय, मतलौडा में मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा आर्य पीजी कॉलेज में विधायक प्रमोद विज और जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा सेवा संकल्प अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाए।
डॉ. वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से ही एक सशक्त और संवेदनशील समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने और अपने आसपास जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के साथ-साथ समाज हित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Comments


Leave a Reply