Friday, September 18, 2026
Newspaper and Magzine


74.43 ग्राम स्मैक सहित करनाल निवासी तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 18, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 18 सितंबर : पानीपत पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए वन पुलिस टीम ने वीरवार को समालखा में जीटी रोड स्थित पावर हाउस के पास एक नशा तस्कर को 74.43 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान करनाल के गांव मुंडगढ़ी निवासी शोयब के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम बुधवार शाम को गश्त के दौरान समालखा में पुराना बस अड्डा के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि समालखा जीटी रोड स्थित पावर हाउस के पास स्पलेंडर बाइक सवार एक युवक मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शोयब पुत्र जिशान निवासी गांव मुंडगढ़ी, करनाल के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली। उसकी पैंट की जेब से पन्नी में पैक स्मैक बरामद हुई। स्मैक का वजन करने पर 74.43 ग्राम पाया गया।

प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर वीरवार को समालखा क्षेत्र में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में आया था।
आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ नशा तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply