सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स हर घर तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को पहुचायें : जयराम ठाकुर
BOL PANIPAT : हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज पानीपत के जीटी रोड स्थित एक निजी होटल में पहुंचे जहां पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स की एक मीटिंग को संबोधित कर उन्होंने 9 साल में मोदी सरकार द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी सरकार के 10 वर्ष के समय में प्रधानमंत्री एक परिवार की कठपुतली बन कर रहे। उस समय 1.76 हजार करोड़ रुपए के घोटाले हुए जिसकी वजह से पूरे विश्व में भारत की साख को बट्टा लगा। उसके बाद मोदी सरकार ने लगातार 9 वर्ष काम करके दागों को मिटाने का काम किया है पिछले 9 वर्ष में केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा और मोदी की छवि विश्व के सबसे शक्तिशाली नेताओं में से एक है। सरकार की नीतियों के कारण भारत ने ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का गौरव भी प्राप्त किया है। 9 वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 9 किलोमीटर लंबी अटल टनल रोहतांग, 15 नए एम्स, 700 नए मेडिकल कॉलेज, 7 नई ट्रिपल आईटी, 11 नई आई आई एम, नया संसद भवन व यूनिटी ऑफ स्टेच्यू इत्यादि का निर्माण इन 9 वर्षों में किया गया है।

महामारी को भी जैसे कठिन दौर में भारत ने सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाने के अलावा 100 अन्य देशों को भी वैक्सीन दी। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35a को हटाया गया, ट्रिपल तलाक को समाप्त किया गया व अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ किया। पिछले 9 वर्षों में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय , 3.30 करोड़ आवास, 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल और लगभग 19.23 करोड लोगों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 तक देश में मात्र 97 हजार किलोमीटर नेशनल हाईवे था जो पिछले 9 वर्ष में बढ़कर 1.48 लाख किलोमीटर हो गया है। इसके अलावा सरकार की इतनी ज्यादा उपलब्धियां हैं कि जिन्हें अल्प समय में बताया नहीं जा सकता इसीलिए जरूरत है सोशल मीडिया के ऐसे इन्फ्लुएंसर्स की जो हर घर तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां देश को आगे बढ़ाने व विश्व गुरु बनाने का मार्ग प्रशस्त करने का काम करेंगी और इन उपलब्धियों का प्रचार प्रसार सोशल मीडिया पर एक्टिव लोग करें तो ज्यादा से ज्यादा लोगों तक उपलब्ध उपलब्धियों के बारे में जानकारी पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कंटेंट इंटरेस्टिंग हो जानकारी नई हो तो इनफ्लुएंसर रातों-रात स्टार बन सकते हैं उनकी रीच बढ़ जाती है। पहले जिस विचार को लोगों तक पहुंचाने में सालों का समय लग जाता था आज सोशल मीडिया पर विचार पोस्ट करने के बाद विचार के समर्थक लोग कुछ ही समय में जुड़ जाते हैं और विचार यदि अच्छा है तो मिलियन बिलियन में पहुंच जाता है। ऐसे में उन्होंने सभी सोशल मीडिया की इनफ्लुएंसर्स से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का काम करें।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पानीपत ग्रामीण क्षेत्र के विधायक महिपाल ढांडा , मेयर अवनीत कौर, प्रदेश महामंत्री वेदपाल व कार्यक्रम संयोजक लोकेश नांगरू मुख्य रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में संयोजक लोकेश नांगरू ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स का धन्यवाद किया और उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा।

Comments