सीईटी की परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए होगा स्पेशल बसों का संचालन.
-परीक्षा केन्द्रों तक होगी शटल की सुविधा
-रोड़वेज द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बनाए 11 रूट कलस्टर
BOL PANIPAT , 21 जुलाई। हरियाणा राज्य कर्मचारी आयोग द्वारा आगामी 26 व 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सीईटी की परीक्षा में पानीपत जिला के अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्र जिला सोनीपत है, जिसके मद्देनजर स्पेशल 200 बसों का संचालन किया जाएगा।
महाप्रबंधक हरियाणा राज्य परिवहन विक्रम कांबोज ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि जिला पानीपत से सीईटी की परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा राज्य परिवहन पानीपत डिपो द्वारा शिफ्टों में 200 से अधिक स्पेशल बसें चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला जींद के अभ्यार्थी जिला पानीपत में परीक्षा देंगे, जिला जींद से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए डिपो द्वारा शटल बस सेवा का संचालन किया जायेगा। शटल बस सेवायें अभ्यर्थियों को पार्किंग स्थल से उनके परीक्षा केन्द्र तक लेकर जायेगी एवं परीक्षा समाप्त होने पर अभ्यार्थियों को वापिस उनकी बसों के पास पार्किंग स्थल पर छोड़ेगी।
पानीपत डिपो द्वारा प्राप्त परीक्षा केन्द्रो की सूची अनुसार शटल बस सेवा के रूटों की पहचान कर ली गई है तथा शटल बस सेवा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जो जिला के सभी 29 परीक्षा केन्द्रों को कवर करेंगे। शटल बस सेवाओं के समय को निर्धारित करने के लिए सभी शटल बस सेवा मार्गो पर बसें भेजकर अभ्यास किया गया है, जो कि सफल रहा है। सभी शटल बस सेवायें प्रात: 06:00 बजे से शुरू होगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बनाए 11 रूट कलस्टर
डीसी के आदेशानुसार रोड़वेज महाप्रबंधक विक्रम कांबोज ने बसों के 11 कलस्टर बनाए गए हैं जिससे परीक्षार्थियों को कोई असुविधा ना हो। जिनमें नया व पुराना बस अड्ïडा, समालखा, मडलौडा, इसराना, बापौली, कुराना, बबैल, चुलकाना, सनौली, उरलाना खुर्द शामिल हैं।
कलस्टरों पर जिला प्रशासन परीक्षार्थियों को देगा जलपान की सुविधा, जिला प्रशासन ने रात को ठहरने के लिए की व्यवस्था
रोड़वेज महाप्रबंधक ने बताया कि डीसी के निर्देशानुसार कलस्टरों पर आने वाले परीक्षार्थियों को चाय की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है और उन्होंने कहा कि डीसी के निर्देशानुसार ऐसे परीक्षार्थी जिन्हें रात को ठहरना है। उनके लिए अलग से व्यवस्था की गई है।

Comments