Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की छात्रा ने छत्तीसगढ़ में आयोजित छठी सीनियर राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में झटका कांस्य पदक 

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 20, 2025 Tags: , , , ,

छात्रा खिलाड़ी का वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप के ट्रायल्स के लिए हुआ चयन

प्रिया जैसे खिलाड़ी सम्पूर्ण प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत: दिनेश गोयल 

BOL PANIPAT , 20 सितम्बर. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा खिलाड़ी प्रिया ने छत्तीसगढ़ में आयोजित छठी सीनियर राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज के लिए एक नया स्वर्णिम इतिहास बना दिया । प्रिया ने यह पदक दुर्ग भिलाई (छत्तीसगढ़) में ‘लेग बैलेंसिंग’ विधा में हासिल किया । यह चैंपियनशिप 11 से 15 सितम्बर को आयोजित हुई और शानदार प्रदर्शन के आधार पर प्रिया का चयन वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप के ट्रायल्स के लिए भी हो गया है जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है । प्रिया इससे पहले भी रेवाड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय और पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक झटक चुकी है । छात्रा खिलाड़ी का कॉलेज प्रांगण में पहुँचने पर कॉलेज प्रबंधकारिणी, प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया । कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने प्रिया और डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो रेखा, प्रो आनंद, प्रो नीलम और ग्राउंड्समैन प्रताप सिंह के प्रयासों की भूरी-भूरी सराहना की । विदित रहे कि प्रिया 5वें जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भी गत वर्ष 2 गोल्ड मैडल जीत चुकी है । प्रिय अब तक जिला स्तर पर 20, राज्य स्तर पर 8 और राष्ट्रीय स्तर पर 5 मैडल हासिल कर चुकी है ।                     

प्रधान दिनेश गोयल ने कहा कि आज के समय में खेलो में भाग लेने से हमें अनेकों फायदे मिलते है । व्यक्ति का रूप और व्यक्तित्व खेलो से ही बनता और निखरता है । खेल के मैदान और मुकाबले में हर खिलाड़ी अगर लगन के साथ भाग ले तो न सिर्फ हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि परस्पर प्यार और सदभाव में भी वृद्धि होती है । माता-पिता आज भी चाहतें हैं कि उनका बेटा या बेटी खिलाड़ी की जगह डाक्टर-इंजिनियर बने परन्तु प्रिया की जीत ने खेल के महत्व को समाज में स्थापित किया है । कॉलेज ऐसे खिलाडियों का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा । तनाव और अवसाद से भरी आज की आधुनिक जीवन शैली में खेल ही हमें स्वस्थ और तनावमुक्त रख सकतें है । योग एक तपस्या है और जो इसमें जितनी अधिक मेहनत करेगा उतनी ही सफलता उसे मिलेगी । योग सोने की तरह होता हैं जिसे जितना अधिक तपायेंगे उतना ही निखार इसमें आएगा ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने अपने सन्देश में प्रिया की भरपूर प्रशंसा की और कहा कि इस खिलाड़ी की उपलब्धि कॉलेज के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वर्णिम स्थान रखती है क्योंकि इससे न सिर्फ प्रिया के जीवन में सफलता आएगी बल्कि इससे दूसरे विद्यार्थियों को भी भरपूर प्रेरणा मिलेगी । राष्ट्रीय स्तर पर मैडल और वर्ल्ड चैंपियनशिप के ट्रायल्स के लिए क्वालीफाई करना बहुत बड़ी उपलब्धि है । राष्ट्रीय खेल एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है और इसमें भाग लेना मात्र ही हर खिलाड़ी का सपना होता है । परन्तु प्रिया ने तो कांस्य पदक प्राप्त करके एक नई बुलंदी को छुआ है । प्रिया जल्द अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खुद को स्थापित करे यही उनकी कामना है ।

डॉ सुशीला बेनीवाल शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्षा ने कहा कि कॉलेज के इतिहास में राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाना बहुत बड़ी बात है । यह एक विलक्ष्ण उपलब्धि है । यह हरियाणा प्रदेश के लिए भी एक गर्व का पल है । पानीपत के ग्रामीण आँचल में पल-बढ़कर भी इस खिलाड़ी ने साबित कर दिया है कि सफलता किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती है । मेहनत, लगन और जूनून का कोई विकल्प नहीं है ।  

Comments