Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


ट्रांसपोर्टर सी सुब्रमण्यम पर पिस्तौल से जानलेवा हमला व समालखा में मिठाई दुकान पर फायरिंग करने व रंगदारी मांगने वाले गिरोह का सरगना डाहर निवासी सुनील उर्फ शीलू गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at February 11, 2026 Tags: , , , , ,

-मास्को से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईए वन की टीम ने दबोचा, आरोपी पर आपराधिक वारदातों के 15 मामले दर्ज है

-पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

BOL PANIPAT , 11 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में कार्रवाई करते पानीपत पुलिस ने महराणा गांव में ट्रांसपोर्टर  सी सुब्रमण्यम पर पिस्तौल से जानलेवा हमला व समालखा में मिठाई दुकान पर फायरिंग करने व रंगदारी मांगने वाले गिरोह के सरगना डाहर गांव निवासी सुनील उर्फ शीलू को बुधवार अल सुबह मास्को से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पानीपत समेत करनाल, सोनीपत व चंडीगढ़ में विभिन्न आपराधिक वारदातों के 15 मामले दर्ज है। आरोपी विदेश में बैठकर जिले में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूली के लिए आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलवा रहा था।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बुधावार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गत जनवरी माह में जिले में 24 जनवरी को थाना माडल टाउन क्षेत्र के महराणा गांव में ट्रांसपोर्टर सी सुब्रहमण्यम पर पिस्तौल से जांनलेवा हमला और 6 जनवरी को समालखा की गुड़ मंडी में मिठाई की एक दुकान पर फायरिंग व रंगदारी मांगने की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने दोनों मामलों को सफलता पूर्वक सुलझाते हुए बीते दिनों एक नाबालिग सहित 9 आरोपियों निखिल उर्फ लाखन निवासी बिहौली, प्रिंस निवासी डाहर, वंश निवासी नारायणा, सुनील उर्फ गुंडा निवासी नौल्था, प्रिंस, सुमित, अंकित व टिंकू निवासी डाहर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों से 5 देसी पिस्तौल व 5 रौंद बरामद किए थे। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ था उन्होंने डाहर निवासी सुनील उर्फ शीलू के कहने पर दहशत फैलाने व रंगदारी वसूली के लिए उक्त वारदातें की थी। पुलिस ने नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर जहा से उसे बाल सुधार गृह और आठ आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया था।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को आरोपी सुनील उर्फ शीलू की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपी शीलू विदेश में बैठा था। पुलिस अपने सोर्स एक्टिव कर आरोपी की गिरफ्तारी के सभी प्रयास कर रही थी। पुलिस की कार्रवाई को देख आरोपी ने वापिस लौटना ही अपने लिए बेहतर समझा। आरोपी बुधवार अल सुबह मास्को से लौटा, सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम ने मिली गुप्त सूचना पर आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट पर की दबोच लिया।
आपराधिक रिकार्ड
आरोपी सुनील उर्फ शीलू के खिलाफ पानीपत, सोनीपत, करनाल व चंडीगढ़ में आपराधिक वारदातों के 15 मामले दर्ज है। इनमें हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट व जबरन वसूली के अतिरिक्त पीओ के दो मामले दर्ज है। 5 मामलों में आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से खुलासा हुआ वह जनवरी 2025 में जेल से बेल पर बाहर आया था। इसके बाद आरोपी अक्तूबर 2025 में वीजा पर थाईलैंड, अज़रबैजान, बाकू व मास्को गया। आरोपी ने विदेश में बैठकर अपने गुर्गो से दहशत फैलाने और रंगदारी वसूली के लिए उक्त वारदाते कराई थी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी सुनील उर्फ शीलू को माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने के साथ पता लगाएगी उसने गुर्गो को अवैध हथियार कहाँ  से उपलब्ध कराए और कौन  कौन इसमें शामिल है।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने एक बार पुन: साफ व कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा की जिले में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान मीडिया के माध्यम से युवाओं से भी अपील कि है कि वे ऐसे पथभ्रष्ट लोगों के बहकावे में ना आए। इनके बहकावे में आए तो अंजाम यही होगा।

Comments