12 ग्राम स्मैक तस्करी मामले में आरोपी सप्लायर को सनौली अड्डा से गिरफ्तार किया.
BOL PANIPAT : 04 नवम्बर 2024, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने 12 ग्राम स्मैक तस्करी मामले में आरोपी सप्लायर को सनौली अड्डा से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अफसार निवासी खुरगान शामली यूपी के रूप में हुई।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने गत शनिवार को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर राणा माजरा गांव में कब्रिस्तान के पास से नशा तस्कर आरोपी अफजाल निवासी राणा माजरा को 12 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में आरोपी अफजाल ने पुलिस को बताया था वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने की चाहत में आरोपी अफजाल ने उक्त स्मैक यूपी के शामली जिला के खुरगान गांव निवासी अफसार से 16 हजार रूपये में खरीदकर लाने बारे स्वीकारा था।
आरोपी अफजाल के खिलाफ थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद आरोपी नशा सप्लायर अफसार की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने रविवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी नशा सप्लायर अफसार को सनौली अड्डा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक सप्लाई करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
आरोपी ने स्मैक बेचकर हासिल की नगदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 1 हजार रूपये बरामद कर सोमवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments