सफाई कर्मियों के अधिकारों पर प्रशासन गंभीर, सफाई कर्मियों के हित सर्वोपरि: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
आयोग सदस्य के दौरे को लेकर उपायुक्त ने दिए व्यापक निर्देश
सफाई कर्मियों की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान
1 अगस्त को आयोग सदस्य करेंगे औचक निरीक्षण
कल्याण योजनाओं से लेकर कार्यस्थल तक होगी समीक्षा
BOL PANIPAT , 31 जुलाई। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य एवं अधिवक्ता संजीव घरू के 1 अगस्त को प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि दौरे के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि सफाई कर्मियों से जुड़े मामलों की प्रभावी समीक्षा हो सके।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि आयोग सदस्य अपने दौरे के दौरान शहर के विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करेंगे, जहां सफाई कर्मचारी प्रत्यक्ष, ठेकेदार, आउटसोर्सिंग एजेंसी, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) अथवा अन्य माध्यमों से कार्यरत हैं। निरीक्षण का उद्देश्य सफाई कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सेवा शर्तों, कार्य परिस्थितियों तथा वैधानिक सुरक्षा उपायों का वास्तविक आकलन करना है।
उन्होंने बताया कि सुबह औचक निरीक्षण के बाद इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी परिसर में सफाई कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सफाई कर्मियों की समस्याएं और शिकायतें सीधे सुनी जाएंगी तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम आयुक्त, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, बीडीपीओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग सदस्य के भ्रमण के दौरान सुरक्षा, आवागमन, बैठक व्यवस्था तथा अन्य सभी प्रबंध पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन सफाई कर्मियों के कल्याण, सुरक्षित कार्य वातावरण तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है व उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

Comments