अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा ने प्रस्ताव पारित कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मांग
पूरी दुनिया में सबसे पहले समाजवाद का संदेश देने वाले महाराज अग्रसेन की जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए
BOL PANIPAT : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा की प्रदेश इकाई ने प्रस्ताव पारित कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि पूरी दुनिया में सबसे पहले समाजवाद का संदेश देने वाले महाराज अग्रसेन की जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए। अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल का कहना है कि 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाना चाहिए। यदि केंद्र सरकार इसे राष्ट्रीय पर्व घोषित करती है तो यह देश-दुनिया के करोड़ों लोगों के लिए असीम गौरव और खुशी का विषय होगा।
‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत समाजवाद की मिसाल :
राजकुमार गोयल ने महाराजा अग्रसेन के महान व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक ऐसे युगपुरुष थे जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से समाजवाद, समानता, अहिंसा तथा सामाजिक सहयोग की मजबूत नींव रखी। उनका ऐतिहासिक ‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत आज भी सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल है। इस व्यवस्था के तहत अग्रोहा में बसने आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को वहां का हर परिवार एक ईंट और एक रुपया देता था ताकि वह अपना मकान बना सके और व्यापार शुरू कर सके। इसका मूल उद्देश्य व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा में शामिल करना था।
हरियाणा में अवकाश, अब केंद्र से राष्ट्रीय सम्मान की उम्मीद :
गोयल का कहना है कि हरियाणा सरकार ने तो महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया हुआ है लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इसे राष्ट्रीय पर्व का दर्जा मिलना अभी बाकी है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज की प्रदेश इकाई लंबे समय से यह मांग उठाती आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग है कि महाराजा अग्रसेन के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देकर पूरे देश में इसे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने का अवसर प्रदान किया जाए। गोयल ने यह भी कहा कि महाराजा अग्रसेन को समाजवाद का सच्चा अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने एक ऐसी शासन व्यवस्था स्थापित की जिसमें समानता, परोपकार और जनकल्याण को सर्वोपरि स्थान दिया गया। उनके आदर्श आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को आपसी भाईचारे, आर्थिक सहयोग व मानवता की सेवा करने की निरंतर प्रेरणा देते हैं।
कई वर्षों से प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर उठा रहे हैं मांग :
राजकुमार गोयल ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मांग को केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे हैं। उन्होंने स्मरण कराया कि वर्ष 2017 में सरकार द्वारा उनके इस सुझाव को स्वीकार किए गए 16 महत्वपूर्ण सुझावों में शामिल भी किया गया था लेकिन उसके बाद आज तक यह मांग विचाराधीन है। डॉ. गोयल ने एक बार फिर केंद्र सरकार से आग्रह किया कि 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के शुभ अवसर पर इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा कर देशभर के अग्रवाल समाज और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों में आस्था रखने वाले प्रत्येक नागरिक को गौरवान्वित किया जाए।

Comments