बाजारों में राईडर पर निकले डीसी व एसपी. जांची सुरक्षा व कानून व्यवस्था.
BOL PANIPAT : 09 अक्तूबर 2025, त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में शहर के बाजारों में खरीदारों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वही बाजारों में सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। इसी कड़ी में वीरवार को उपायुक्त डा0 विरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने भी राईडर पर निकले और शहर के विभिन्न बाजारों का जायजा लिया। जहां सुरक्षा व्यवस्था के साथ अतिक्रमण आदि को जांचा। त्योहारी सीजन पर इंसार बाजार समेत प्रमुख बाजारों में सुरक्षा एवं व्यवस्था का नया प्लान वीरवार को लागू कर दिया है। जिसमें बाजरों में 17 बेरिगेट्स लगाकर दो टुकड़ियों में कमांडो के जवान तैनात किए है। 10 राईडर गश्त कर रही है। अमर भवन मार्केट को ट्रैफिक के लिए वन वे किया है, इसमें तीन प्रवेश व चार निकासी के रास्ते दिए गए है।
इन बाजारों का किया मुआयना
उपायुक्त डा0 विरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह वीरवार को सुबह करीब 11 बजे राईडर पर जिला सचिवालय से चलकर जीटी रोड से होते हुए गुरूद्वारा मार्केट से चोड़ा बाजार पहुंचे। यहा बेरिगेट के साथ की गई नाका व्यवस्था की जांच की। इसके बाद पचरंगा बाजार, अमर भवन चौक, हलवाई हट्टा, गुड़ मंडी, कलंदर चौक, वीर भवन चुंगी, सलारगंज गेट, इंसार बाजार लाल बत्ती चौक से जीटी रोड पर पहुंचे। यहा से जीटी रोड होते हुए जिला सचिवालय पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण कर त्योहारी सीजन के खरीदारी करने आए लोगों और दुकानदारों को सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त डा0 पंकज, एएसपी हर्षित गोयल, ट्रेफिक डीएसपी सुरेश कुमार सैनी भी साथ रहें।
उपायुक्त डा0 विरेंद्र कुमार दहिया में बाजारों का जायजा लेने उपरांत जिला सचिवालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि त्योहारी सीजन को लेकर बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। प्रसाशन और पुलिस ने गत दिनों शहर में ऑटो व ई रिक्शा को लेकर ऑड इवन लागू कर यातायात व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया है। अब त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में भी नई व्यवस्था लागू की है। आज पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह और नगर निगम आयुक्त डा पंकज के साथ बाजारों का निरीक्षण किया। बाजारों में व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है, इसमें कुछ और भी सुधार किए जाएगे। निरीक्षक में सामने आया कि बाजार में दुकानों के बाहर बाइक खड़ी थी। इससे रास्ता अवरूध होने पर लोगों को दिक्कत होती है। लोगों से अपील है कि वे अपने दो पहिया वाहन बाहर पार्किंग में खड़ा कर पैदल बाजारों में प्रवेश करें।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारी सीजन में हर कोई व्यक्ति खरीदारी करना चाहता है। इसके लिए वे बाजारों में आ रहे है। लोगों को खरीदारी के दौरान सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था नए सिरे से लागू की गई है। उपायुक्त महोदय और नगर निगम आयुक्त के साथ इसका मौका मुआयना किया है। इसमें जहा कमियां नजर आई है, उनको दूर किया जाएगा। लोगों से अपील है कि वह अपने वाहन पार्किग में ही खड़ा करें। वे एसा कर खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा एव व्यवस्था का भी ध्यान रख सकते है। बाजार में स्वेट टीम व 10 राईडर को सुरक्षा की दृष्टि से तैनाती की गई है।
नगर निगम आयुक्त डा0 पंकज ने कहा कि बाजारों में क्रेस बेरियर लगाए जाएगे। इसको लेकर बाजार के प्रधानों के साथ बैठक हो चुकी है। इसके लागू होने के बाद बाइक भी बाजारों में नहीं ले जाई जा सकेगी। लोग पूल के नीचे अपनी बाइक को खड़ी कर पैदल ही बाजार में खरीदारी करे। एम्बुलेंस के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। दुकानदार सुबह 10 बजे से पहले व रात को 8 बजे के बाद सामान लोडिंग व अनलोडिंग का काम कर सकेंगे।

Comments