विधानसभा चुनाव को लेकर आर्य पीजी कॉलेज सभागार में प्रथम पायलट रिहर्सल आयोजित.
-विधानसभा आम चुनाव 2024 निष्पक्ष, स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करवाने में पीठासीन अधिकारियों का अहम योगदान: मनदीप कुमार
-निर्वाचन आयोग द्वारा जारी इन्फोर्मेशन हैंडबुक को ध्यान से पढ़ें अधिकारी: नरेन्द्र मलिक
-संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के बारे में पीठासीन अधिकारियों को दी विस्तार से जानकारी
BOL PANIPAT , 13 सितम्बर। जिला में विधानसभा आम चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रथम चरण की पायलट रिहर्सल आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर शुगर मील के प्रबंध निदेशक मनदीप कुमार ने कहा कि आगामी 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव हेतु मतदान के लिए तैयारी जोर शोर से जारी हैं और चुनाव के दृष्टिगत अधिकारियों व कर्मचारियों की रिहर्सल के चरण शुरू हो चुके हैं। शुक्रवार को पीठासीन अधिकारी व वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों की रिहर्सल का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और चुनाव में ड्यूटी लगना अपने आप में गर्व का विषय है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सभी कर्मचारी और अधिकारी आयोग द्वारा जारी इन्फोर्मेशन हैंडबुक को ध्यान से पढ़ें। जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शिता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए पोलिंग पार्टियों को संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मतदान बूथ के लिए डिस्पैच होने के बाद पोलिंग पार्टियां केवल निर्धारित वाहन में ही जाएं। ईवीएम केवल जीपीएस लगे निर्धारित वाहन में सुरक्षा बलों के साथ ही मूवमेंट करेगी। मतदान प्रक्रिया व चुनावों से संबंधित अन्य कार्यों को निर्धारित नियमावली के तहत समय सारिणी के अनुरूप पूरा करवाने के लिए पहला प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से सेशन वाइज़ सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित नियमों की जानकारी देने के साथ साथ ईवीएम व वीवीपैट की हैंडलिंग के लिए तकनीकी रूप से भी कुशल बनाया जा रहा है।
जिला परिषद के सीईओ व नोडल अधिकारी नरेन्द्र मलिक ने कहा कि 16 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया चलेगी। पांच अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 8 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू होगी और शाम को छह बजे तक मतदान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान एडीसी एवं स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. पंकज यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए। इस अवसर पर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Comments