Sunday, July 5, 2026
Newspaper and Magzine


चार दिवसीय “पानीपत युवा खेल महोत्सव” का शानदार तरीके से आगाज

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 27, 2023 Tags: , , , , ,

-जिला पुलिस ने ग्रामीण युवाओं के लिए करवाए चार दिवसीय प्रतियोगिता
-पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया
-खेलकूद से होता है मानसिक और शारीरिक विकास ;  पुलिस अधीक्षक

BOL PANIPAT :   27 दिसंबर 2023, जिला पानीपत पुलिस द्वारा ग्रामीण युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें शारीरिक रूप से चुस्त दुरुस्त बनाने को लेकर चार दिवसीय पानीपत युवा खेल महोत्सव का बुधवार को गांव सिवाह स्थित खेल स्टेडियम में आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर और आसमान में बैलून उड़ा कर प्रतियोगिता का शानदार तरीके से आगाज किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक  अजीत सिंह शेखावत का गांव सिवाह की सरपंच  सुनीता कादियान व गांव सिवाह व आसपास के गांवों के मौजिज लोगों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर व फुल माला पहनाकर स्वागत किया।

पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के निर्देशन में हरियाणा पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें शारीरिक रूप से चुस्त दुरूस्त बनाने को लेकर खेलों को लेकर प्रोत्साहित कर रही है। इसी के तहत जिला पानीपत पुलिस द्वारा प्रथम चरण में ग्रामीण युवाओं के लिए उक्त पानीपत युवा खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उनको अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सही प्लेटफार्म की जरूरत होती है। युवा देश का भविष्य है, उनकी उर्जा को सही दिशा में लगाया जाए यह जरूरी है। इससे समाज व देश दोनों की तरक्की होगी।

उन्होंने कहा कि उक्त खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव के युवाओं को प्रेरित कर खेल के मैदान में लाना है ताकि वे अपराध और नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। नशे से उस व्यक्ति का परिवार ही नहीं बल्कि पूरा समाज प्रभावित होता है। पुलिस नशा तस्करों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की बरामदगी सुनिश्चित करती है और साथ ही नशे पर रोकथाम के लिए सफल प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। इसके लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करना होगा। ताकि युवाओं को इससे बचाया जा सके। यह सब युवाओं की जागरूकता से ही संभव हो सकता है।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से सिर्फ मानसिक और शारीरिक विकास ही नहीं बल्कि जीवन में अनुशासन भी लाता है। खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल खेलने से हमारा मन ताजगी और सक्रियता से भर जाता है। यह हमारी मानसिक तनाव को कम करने में मदद करता है और हमें खुश और स्वस्थ रखता है।
इस मौके पर एएसपी मंयक मि़श्रा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मबीर खर्ब, उप पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम, उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र, गांव सिवाह की सरपंच सुनीता कादियान व गांव व आसपास के विभिन्न गावों के मौजिज व्यक्ति व खिलाड़ी मौजूद रहे।

चार दिन चलेंगे खेल

खेल उत्सव 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। पानीपत युवा खेल महोत्सव में वॉलीबॉल, रस्साकशी, कबड्डी, रेस, रिले रेस, 100, 400 व 800 मीटर, लंबी कूद इत्यादि खेलों में जिला के विभिन्न गांवों के 1500 से ज्यादा महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे है। प्रतियोगिता के पहले दिन रेस, लंबी कूद, वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्सा कस्सी, इत्यादी के 10-10 मैच कराए गए। इनमें युवाओं ने जीत के लिए जमकर पसीना बहाया।

Comments