सरकार 80 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करवा रही ढैचा बीज. किसान 4 तक करें आवेदन : उपायुक्त
BOL PANIPAT ,2 अप्रैल। उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं फसल विविधीकरण योजना के तहत प्रदेश में हरी खाद को बढ़ावा देने के लिए ढैचा बीज पर 80 प्रतिशत अनुदान पर देने का प्रावधान किया गया है। इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए किसान को कृषि विभाग की वैबसाइट एग्रीहरियाणाडॉटजीओवीडाटइनलिंकडविदएमएफएमबी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है।
उपायुक्त ने बताया कि हरी खाद सबसे अच्छा, सरल, कम लागत वाला खाद है जिसके माध्यम से भूमि को उपजाऊ बनाया जा सकता है। किसान ढैचा बीज प्राप्त करने के लिए 4 अप्रैल तक पंजीकरण करवा सकते हैं। किसान को अनुदानित बीज खरीदते समय अपना आधार कार्ड, वोटर कार्ड, किसान कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक किसान कम से कम एक एकड़ व अधिकतम 10 एकड़ के लिए पंजीकरण करवा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि विकास अधिकारी या नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
हरी खाद से किसानों को ये फ़ायदे
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि ढैचा फसल को हरी खाद के रूप में प्रयोग करने से मृदा के स्वास्थ्य में जैविक, रासायनिक तथा भौतिक सुधार होते हैं व जल धारण क्षमता बढ़ती है । हैंचा की पलटाई कर खेत में सड़ाने से नाइट्रोजन, पोटाश, गंधक, कैल्शियम, मैग्नीशियम, जस्ता, तांबा, लोहा आदि तमाम प्रकार के पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। मृदा की कम होती उर्वरा शक्ति बढ़ेगी तथा आने वाली फसलों का उत्पादन भी बढ़ेगा। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने हेतु किसानों को गांव स्तर पर कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा ढैचे की बिजाई करने हेतु पूर्ण जानकारी दी जाएगी।

Comments