Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


जनता को राहत नहीं, महंगाई का झटका दे रही सरकार. डीजल बढ़ोतरी तुरंत वापस लें: सुशील गुप्ता

By LALIT SHARMA , in Politics , at March 21, 2026 Tags: , , , ,

-इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में 22 रुपये प्रति लीटर वृद्धि—महंगाई और उद्योगों पर गंभीर प्रभाव।

BOL PANIPAT : चण्डीगढ़: आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में 22 रुपये प्रति लीटर एवं प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 2.50 रुपए लीटर की भारी बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सीधे तौर पर आम जनता, छोटे व्यापारियों और संघर्ष कर रहे उद्योगों पर महंगाई का एक और बड़ा बोझ डालने जैसा है।

डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि डीजल एवं पेट्रोल की कीमतों में इस बेतहाशा वृद्धि से उत्पादन लागत में भारी इजाफा होगा, जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होंगी और महंगाई बेलगाम हो जाएगी। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे और मध्यम उद्योगों पर पड़ेगा, जिससे रोजगार के अवसर कम होंगे और आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।

उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ पेट्रोलियम पदार्थों की भरपूर उपलब्धता के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के कई हिस्सों में गैस की किल्लत बनी हुई है। यह सरकार की नीतिगत विफलता और असंगति को उजागर करता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कीमतों में लगातार वृद्धि से कालाबाजारी को भी बढ़ावा मिल सकता है, जिससे आम जनता की मुश्किलें और बढ़ेंगी।
डॉ सुशील गुप्ता ने सरकार से मांग की कि इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेकर आम जनता और उद्योगों को राहत दी जाए।
फ्यूल रेट बढ़ने पर आनलाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने 19.20% प्लेटफॉर्म चार्ज बढा दिए हैं। इससे सीधे तौर पर आम जनता को बढती महंगाई का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस मुद्दे पर संवेदनशीलता नहीं दिखाई, तो इसके गंभीर आर्थिक और सामाजिक परिणाम सामने आएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।

अंत में उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार जनता को राहत देने में विफल रही है—महंगाई थोपना बंद करे और तुरंत फैसला वापस ले।”

Comments