Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


शराब ठेके पर फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई सीआईए वन की टीम

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 10, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 10 सितम्बर 2022, सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया जीटी रोड पर अनाज मंडी कट के पास स्थित शराब ठेके पर जुलाई 2021 में फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले झज्जर जेल में बंद आरोपी साहिल उर्फ बादल निवासी फिरोजपुर बांगर सोनीपत व संजीव निवासी बखेता रोहतक को जेल से शुक्रवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गहनता से पूछताछ करने, वारदात में प्रयोग कार, हथियार व लूटी गई नगदी बरामद करने के लिए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। प्रारंम्भिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी आरोपी अभिषेक निवासी बवाना व सागर निवासी फिरोजपुर बांगर सोनीपत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।

इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया आरोपी सागर झज्जर जेल में व आरोपी अभिषेक तिहाड़ जेल में बंद है। दोनों आरोपियों को भी जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में लूट सहित अन्य आपराधिक वारदातों के एक दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज है।

समालखा में वर्ष 2021 में दर्ज लूट के एक अन्य मामले में अरोपी सागर को झज्जर जेल से गत मई में प्रोडक्शन वारंट पर लाकर सीआईए वन की टीम ने पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपी सागर ने समालखा की वारदात के अतिरिक्त अपने साथी आरोपी साहिल, संजीव व अभिषेक के साथ मिलकर पानीपत में अनाज मंडी कट के पास 2021 में शराब ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम देने बारे खुलासा किया था।

थाना चांदनी बाग में राजकुमार निवासी सिवाह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है

थाना चांदनी बाग में राजकुमार पुत्र सूबे सिंह निवासी सिवाह ने 17 जुलाई 2021 को शिकायत देकर बताया था कि उसका जीटी रोड पर अनाज मंडी कट के पास शराब का ठेका है। शराब ठेके पर विकाश निवासी गतोली, दिलबाग निवासी छात्तर व अनिल निवासी बागडू खुर्द जीन्द सैल्समेन के रूप में तैनात है। अनिल ने साय करीब 930 बजे फोन कर बताया कि एक सफेद रंग की कार में 3/4 अज्ञात युवक सवार होकर ठेके पर आए और उनके उपर पिस्तौल से ताबड़तोड फायर कर दिए। उन्होंने मुश्किल से जान बचाई। आरोपी करीब सवा लाख रूपए लूटकर ले गए। राजकुमार की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307,379बी,452,34 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments