एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न
BOL PANIPAT – शुक्रवार 27 फरवरी 2026 आर्य कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा ग्राम नांगलखेड़ी में 25.02.2026 से 3.03.2026 तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस यूथ फॉर माय भारत एंड यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी विषय के अंतर्गत बड़े उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
दिन की शुरुआत योग एवं ध्यान से हुई। स्वयंसेवकों ने विभिन्न आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा “जीवन चलने का नाम, चलते रहो सुबह-शाम” गीत पर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण ऊर्जावान एवं सकारात्मक बना।
प्रातःकालीन सत्र में प्रथम व्याख्यान अंकिता एवं सूरज द्वारा दिया गया, जो एक एनजीओ का संचालन करते हैं। उन्होंने दहेज प्रथा, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसके उपरांत विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुतियाँ तैयार करने को कहा गया। प्रस्तुति प्रतियोगिता में अंजलि एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय व्याख्यान में संसाधन व्यक्ति नितिन अरोड़ा एवं आलोक रहे, जो “फ्लाइंग क्लब” के संस्थापक हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था पानीपत शहर में अब तक 35 नैनो जंगल स्थापित कर चुकी है। वे शहर के विभिन्न भागों में बंजर एवं अनुपयोगी भूमि की पहचान कर उसे नैनो जंगल में परिवर्तित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि यदि वे भी किसी भूमि को नैनो जंगल में बदलना चाहें तो उनकी संस्था से संपर्क कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुदेजा, आस्था गुप्ता एवं प्रो. पंकज चौधरी ने वक्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
सायंकालीन सत्र में जिला रोजगार अधिकारी पानीपत सुश्री ऋतु चहल मुख्य वक्ता रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार योग्यता कौशल, विभिन्न सरकारी रोजगार योजनाओं, रोजगार कार्यालय की सेवाओं तथा रोजगार कार्यालय में पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी hrex.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं तथा कार्यालय द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जॉब फेयर का लाभ उठा सकते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुदेजा ने बताया कि जिला रोजगार अधिकारी ऋतु चहल एवं सहायक रोजगार अधिकारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने कहा कि वक्ताओं ने विद्यार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेलों में भाग लेकर दिन का समापन उत्साहपूर्वक किया।

Comments