120 घंटे की इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले 21 विद्यार्थियों को आज प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
BOL PANIPAT : आई .बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के इंटर्नशिप सेल द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं कार्य अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से रिलायंस रिटेल लिमिटेड के सहयोग से आयोजित 120 घंटे की इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले 21 विद्यार्थियों को आज प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस इंटर्नशिप के अंतर्गत विद्यार्थियों ने रिलायंस स्मार्ट बाजार, पानीपत में उपभोक्ताओं के खरीद व्यवहार एवं बिजनेस मैनेजमेंट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में कार्यक्षमता, आत्मविश्वास और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान एवं मार्केटिंग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी ऐसे अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इंटर्नशिप सेल की समन्वयक डॉ. चेतना नरूला ने कहा कि इंटर्नशिप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित करवाना और उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता करते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका सुखजिंदर तथा सॉफ्ट स्किल ट्रेनर शिखा जूनजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल को वास्तविक कार्यक्षेत्र में लागू करने का अवसर मिला।

Comments