जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, काला बाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: एडीसी डॉ. पंकज
-घरेलू गैस की सप्लाई बनाए रखें, जरूरतमंद संस्थानों को प्राथमिकता
-प्रशासन गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, स्टॉक बनाए रखने के निर्देश
-अस्पताल-कॉलेजों को गैस आपूर्ति प्राथमिकता, नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई तय
BOL PANIPAT , 12 मार्च। जिले में घरेलू गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की काला बाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला सचिवालय में गैस डीलर व डिस्ट्रीब्यूटरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और प्रशासन लगातार गैस की उपलब्धता पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने सभी डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक हमेशा बनाए रखें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डॉ पंकज ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि अस्पतालों, कॉलेजों, कैंटीनों और अन्य जरूरी संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित न हो। ऐसे स्थानों पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है क्योंकि इसका सीधा संबंध जनसेवा और आवश्यक सेवाओं से जुड़ा हुआ है।
एडीसी डॉ. पंकज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी गैस एजेंसी, डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ गैस की काला बाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिक को समय पर और उचित दर पर गैस उपलब्ध हो, इसलिए सभी डीलर नियमों का पालन करते हुए पारदर्शिता बनाए रखें।
बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) दिव्या ने सभी गैस डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों से मौजूदा स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी एजेंसियां निर्धारित नियमों के अनुसार गैस वितरण करें और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं।
डीएफएससी ने कहा कि विभाग लगातार गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहा है और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी डीलरों से अपील की कि वे पारदर्शिता बनाए रखते हुए जनहित को सर्वोपरि रखें। इस अवसर पर रेणु गैस एजेंसी के ऑनर तजवीर जागलान ने डीलरों की ओर से अपनी बात रखते हुए गैस एजेंसियों की मौजूदा स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया। बैठक में जिले के सभी गैस डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर उपस्थित रहे।

Comments