“अब नहीं रहेगा मैथ्स का डर: डीईओ राकेश बूरा का बड़ा आह्वान, ‘हर बच्चे तक पहुंचे आसान गणित’”
शिक्षकों की कार्यशाला में बना एक्शन प्लान | ब्रिज कोर्स, ओलंपियाड और बेसिक कॉन्सेप्ट पर रहेगा फोकस
BOL PANIPAT | 01 अप्रैल–जिले में गणित शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिवाह में PGT एवं TGT गणित अध्यापकों की एक उच्चस्तरीय कार्यशाला-सह- बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब जिले का हर बच्चा बिना डर के गणित सीखेगा।
कार्यशाला का आयोजन डीएमएस पानीपत के रणबीर सिंह एवं कोर टीम द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षण गुणवत्ता सुधार के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। मंच संचालन श्री सोनू द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दीपिका ने “मैथ्स ओलंपियाड यात्रा” प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया। DIET पानीपत से डॉ. कप्तान, दिनेश एवं हरप्रीत ने शिक्षकों को गणित को जीवन से जोड़ने, निरंतर अभ्यास बनाए रखने तथा विषय को रोचक एवं आनंददायक बनाने के प्रभावी उपायों पर मार्गदर्शन दिया।
हरप्रीत ने गणित को सरल, रोचक एवं आनंददायक बनाने के नवाचारपूर्ण तरीके साझा किए। इस मौके पर डीएमएस रणबीर सिंह ने बताया कि कोर टीम द्वारा 22 पृष्ठों का विशेष ब्रिज कोर्स तैयार किया गया है, जिसे अप्रैल माह में लागू कर विद्यार्थियों के बुनियादी ज्ञान को मजबूत किया जाएगा।
डीईओ का स्पष्ट संदेश:
अपने संबोधन में राकेश बूरा ने कहा, “गणित केवल विषय नहीं, बल्कि सोचने और जीवन जीने की कला है।”
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे हर विद्यार्थी तक व्यक्तिगत रूप से पहुंच बनाएं और उसके भीतर से गणित का डर खत्म करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि—
अप्रैल से ही नियमित मैथ्स ओलंपियाड गतिविधियां शुरू होंगी
ब्रिज कोर्स के माध्यम से बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत किए जाएंगे
प्रार्थना सभा में पहाड़ों का दैनिक अभ्यास कराया जाएगा
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से इस वर्ष जिले के परीक्षा परिणामों में निश्चित रूप से बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
विशेष उल्लेख:
कार्यशाला के सफल आयोजन में DIET पानीपत के विशेषज्ञों—डॉ. कप्तान, श्री दिनेश एवं श्रीमती हरप्रीत—का विशेष योगदान रहा। वहीं, कोर टीम मैथ्स ओलंपियाड, पानीपत का कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसके लिए सभी ने उनका आभार व्यक्त किया।
विशेष तथ्य:
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा का गणित विषय से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पीजीटी मैथमेटिक्स के रूप में की थी, जिसके कारण वे विषय की गहराई को भली-भांति समझते हैं और गणित शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेंद्र कादयान ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कोर टीम के सदस्यों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संदीप रत्तेवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Comments