यह जनगणना देश की पहली पूर्णत: डिजिटल जनगणना: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
डिजिटल जनगणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा स्व-गणना पोर्टल, नागरिक मोबाइल से दर्ज करें विवरण
डिजिटल पहल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा स्व-गणना
घर बैठे जनगणना में भागीदारी का अवसर, जिला प्रशासन ने नागरिकों से डिजिटल पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने की अपील की
BOL PANIPAT , 15 अप्रैल। भारत सरकार द्वारा आयोजित की जा रही डिजिटल जनगणना 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। इस संबंध में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि यह जनगणना देश की पहली पूर्णत: डिजिटल जनगणना है, जो तकनीक के माध्यम से अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक आंकड़े उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उपायुक्त ने बताया कि इस डिजिटल पहल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा स्व-गणना (सेल्फ एनुमरेशन) है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण सरकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे इस आधुनिक प्रक्रिया का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा में अपना विवरण अवश्य दर्ज करें। डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने स्पष्ट किया कि यह पोर्टल 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। इस अवधि में नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से आसानी से परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना की सरल प्रक्रिया
डिजिटल जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना करना सरल और सुरक्षित है। नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद मोबाइल पर प्राप्त वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) दर्ज कर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के पश्चात स्क्रीन पर मांगी गई जानकारी जैसे परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, शिक्षा, व्यवसाय एवं अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक भरने होंगे। सभी विवरण भरने के बाद डेटा सबमिट करना होगा, जिसके बाद एक संदर्भ संख्या (रेफरेंस नम्बर) प्राप्त होगी। नागरिकों को यह संदर्भ संख्या सुरक्षित रखनी होगी, क्योंकि प्रगणक के घर आने पर केवल इसी नंबर के माध्यम से गणना प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जागरूक नागरिकों से अपील
उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना न केवल समय की बचत करती है बल्कि यह पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी भी बनाती है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षित युवाओं, कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस डिजिटल अभियान में आगे आकर भाग लें। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के सभी नागरिक इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, ताकि पानीपत जिला स्व-गणना के मामले में प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर नागरिक समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर राष्ट्र के विकास के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध कराने में सहयोग करे।

Comments