Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


पसीने से नहाने वाले बदलते है इतिहास. आज से ही चुनाव तैयारी में जुट जाएं जेजेपी कार्यकर्ता – डिप्टी सीएम

By LALIT SHARMA , in Politics , at June 11, 2023 Tags: , , , ,

– गठबंधन सरकार का व्यवस्था परिवर्तन पर पूरा जोर, आमजन को मिल रहा लाभ – दुष्यंत चौटाला

BOL PANIPAT , 11 जून। जो पानी से नहाते है वो लिबास बदलते है और जो पसीने नहाते है वो इतिहास बदलते है। अगले एक साल पसीने से नहाने का समय है। पार्टी कार्यकर्ता आज से ही चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। इससे आने वाले समय में विरोधियों को जवाब भी मिलेगा और प्रदेश की प्रगति में आपकी अहम हिस्सेदारी भी सुनिश्चित होगी। यह बात हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। वे रविवार को पानीपत जिले के गांव उरलाना में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गठबंधन सरकार के प्रयासों से हरियाणा राज्य विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। आज प्रदेश में करीब 34 हजार करोड़ रुपए का निवेश कंपनियों द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कई बड़ी कंपनियां प्रदेश में बड़े उद्योग स्थापित कर रही है। इससे बड़ी संख्या में प्रदेश के युवाओं का रोजगार सुनिश्चित होगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए गठबंधन सरकार द्वारा ग्रामीण स्तर पर 1000 ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। ये लाइबेरिया पूरी तरह से वातानुकूलित होंगी और गांव के बच्चों को विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें यह सुविधा गांव स्तर पर ही उपलब्ध होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में कम्युनिटी सेंटर बनाने का कार्य किया जा रहा है गांव की चौपालों को और अधिक सुविधाओं से युक्त करने का काम किया जा रहा है।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में 600 के करीब ऐसी सुविधाएं प्रदान की गई हैं जिससे कंप्यूटर के माध्यम से इसका लाभ आमजन को मिल रहा है और साल के अंत तक इनकी संख्या 1000 के करीब होगी। उन्होने कहा कि इसी तरह प्रदेश सरकार किसान हित में अनेक कदम उठा रही है। अनेक ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई है जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मंडी में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा गया है और समय पर पैसे का भुगतान किया गया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार व्यवस्था परिवर्तन पर पूरा जोर दे रही है, पहले किसान ट्राली लेकर मंडी में जाते थे तो दो दिन अनाज की बोली नहीं होती थी लेकिन अब दो घंटे में किसान फसल बेचकर वापस अपने घर पहुंच जाते हैं और उन्हें फसल का उचित दाम सीधा उनके खातों में मिलता है। उपमुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा दिए गए मांग पत्र पर भी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। सभा में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा पगड़ी व बड़ी माला पहनाकर डिप्टी सीएम का जोरदार स्वागत किया गया।

Comments