एसबीआई के चीफ मैनेजर हर्षद से लूटपाट और हत्या करने के तीन आरोपी काबू, मुठभेड़ में दो आरोपियो के पैरो में लगी गोली
2 देसी पिस्तौल व 2 जिंदा रौंद बरामद
BOL PANIPAT , 11 जून: एसबीआई के चीफ मैनेजर हर्षद से लूट और हत्या के तीन आरोपियों को सीआईए वन पुलिस टीम ने काबू किया। दो आरोपियों डाबर कॉलोनी निवासी सचिन व सुभाष नगर निवासी नवीन को बुधवार रात को पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जालपाड़ के खेतों में मुठभेड़ के बाद काबू किया। इससे पहले दोपहर बाद डाबर कॉलोनी से आरोपी शरद निवासी सुलतानपुर दिल्ली हाल डाबर कॉलोनी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने वीरवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि एक जून की रात सेक्टर-25 में मित्तल मॉल के पीछे हिसार से लौट रहे एसबीआई हिसार की रिजनल शाखा के चीफ मैनेजर हर्षद कुमार को एक बाइक सवार तीन युवकों ने चोट मारकर लूट की थी। हर्षद कुमार रात को बस स्टैंड से पैदल घर जा रहे थे। एक मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने डेढ़ तोले सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, पर्स व मोबाइल लूट लिया था। सिर में कान के पास नुकीली चीज (पेंचकस, सुआ) से वार कर मौके से भाग गए थे। घायल हर्षद की 5 जून को दिल्ली राजेंद्र नगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। हर्षद की पत्नी किरण की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ जुटी थी।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार व उनकी टीम को आरोपियों की पहचान करने व धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए वन टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर मिली गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को दिन में डाबर कॉलोनी से सुलतानपुर दिल्ली हाल डाबर कॉलोनी निवासी आरोपी शरद को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी डाबर कॉलोनी निवासी सचिन व सुभाष नगर निवासी नवीन के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा था। पुलिस टीम को बुधवार रात को गुप्त सूचना मिली की दोनों आरोपी पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जालपाड़ के खेतों में बैठकर किसी वारदात को अंजाम देने कि फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए आरोपियों के पैरो की तरफ फायर कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू किया। दोनों आरोपियों के पेर में एक एक गोली लगी। जिनकों इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर दोनों आरोपी के कब्जे से 2 देसी पिस्तौल व 2 जिंदा रौंद बरामद हुए है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ गिरोह का मास्टर माइंड आरोपी सचिन है। 1 जून की देर रात तीनों आरोपी राहगिरों से लूटपाट करने के लिए एक बाइक पर सवार होकर घूमते हुए सेक्टर 25 में पहुंचे पाइट स्कूल के पास वाली सड़क पर पहुंचे। वहा आरोपियों ने सड़क पर पैदल जा रहे हर्षद के सिर पर नुकीली चीज से वार किया और उससे चेन, मोबाइल फोन, पर्स, ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी शरद के कब्जे से लूटा गया ब्रेसलेट बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइब बरामद करने का प्रयास करेगी। दो आरोपी सचिन व नवीन सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है।
दो आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड;
आरोपी नवीन व शरद का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी नवीन के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 व थाना शहर में लूट की वारदातों के 3 मामले दर्ज है। इसी प्रकार आरोपी शरद के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17, थाना किला व घरौंडा थाना में लूट व चोरी की वारदातों के 3 मामले दर्ज है। उक्त मामलों में दोनों आरोपी जेल से बेल पर आए हुए है।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने एक बार पुन कड़े व साफ शब्दों में चेताया कि जिले में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा।

Comments