Saturday, October 17, 2026
Newspaper and Magzine


शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 31, 2026 Tags: , , , , ,

जनता की समस्या का समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

समाधान शिविर में पहुंची शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, अधिकारियों को दिए प्रभावी निस्तारण के निर्देश

शिकायत लेकर आने वाले नागरिक को समाधान की उम्मीद के साथ लौटाना प्रशासन की जिम्मेदारी

पुलिस, राजस्व, विकास और जनकल्याण से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों ने दिखाई गंभीरता

BOL PANIPAT , 31 अगस्त। हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जनता को त्वरित एवं पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसके परिणाम भी अच्छे आ रहे हैं।

  इसी कड़ी में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन और आम नागरिक के बीच सीधे संवाद तथा विश्वास का माध्यम है। प्रशासन का प्रयास है कि नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

    उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि अधिकारी शिकायतों को केवल कागजी प्रक्रिया न मानें, बल्कि प्रत्येक शिकायत के पीछे किसी नागरिक की वास्तविक परेशानी को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उन्हें मौके पर ही निपटाने और अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए। किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

    एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता बढ़ाना है। हर शिकायत को एक जिम्मेदारी के रूप मे ले और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि नागरिक को समाधान की स्पष्ट जानकारी मिले। प्रशासनिक व्यवस्था तभी प्रभावी मानी जाएगी, जब आम व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के अपनी समस्या का उचित समाधान प्राप्त हो।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर विशेष गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था से जुड़ी प्रत्येक शिकायत को निष्पक्षता और तथ्यों के आधार पर देखा जा रहा है। शिकायतकर्ता को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

  एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया हो तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस विभाग का दायित्व है कि प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्याय मिले।

सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त के समक्ष कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें विभिन्न विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। दर्ज शिकायतों में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से संबंधित 3, पुलिस विभाग से संबंधित 6 तथा जिला राजस्व अधिकारी से संबंधित 1 शिकायत शामिल थी। अधिकारियों ने शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

    इस मौके पर सीईओ डॉ. किरण,एसडीएम मनदीप कुमार, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी विकास चहल, एलडीएम जितेंद्र, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, कृषि विभाग से एसडीओ राधेश्याम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments