खेत से घर जा रहे पिता पुत्र को चोट मारने के दो आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त एक खुदपाला व कस्सी का बिंडा बरामद.
BOL PANIPAT :30 मई 2023, थाना सनौली पुलिस ने गांव सनौली खुर्द खेत में गत दिनों पिता पुत्र को चोट मारने के दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान पवन पुत्र नारायणदत्त व मोहनलाल पुत्र रामकुमार निवासी सनौली खुर्द के रूप में हुई।
थाना सनौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाबीर सिंह ने बताया कि थाना सनौली में हरिओम पुत्र गोविंदराम निवासी सनौली खुर्द हाल विकाश कॉलोनी करनाल ने शिकायत देकर बताया था कि 5 मई को गांव में खेत के पड़ोसी अपनी जमीन की निशानदेही करवा रहे थे। वह भी अपनी जमीन की निशानदेही करवाने के लिये पिता गोविंदराम को साथ लेकर गाड़ी से खेत में गया था। जहां पर पटवारी कानूनगो व उसका स्टाफ व गांव के अन्य व्यक्ति मौजूद थे। बाद दोपहर करीब 3 बजे निशानदेही पूरी होने के बाद वह घर जाने के लिए पिता के साथ गाड़ी में बैठने लगा तभी दर्शना देवी पत्नी रामकुमार, मोहन पुत्र रामकुमार, पवन पुत्र नारायण, शिवम पुत्र विनोद, अभिषेक पुत्र प्रवीन ने उसके पिता गोविंदराम पर लाठी डंडो से हमला कर दिया। उसने पिता को बचाने की कोशिश की तो आरोपी पवन व शिवम ने खड्डा करने वाले खुदपाला से वार कर चोट मारी। अन्य आरोपियों ने लाठी डंडों से पिटाई की। आरोपी मोहनलाल ने बिंडे से वार कर उसके दाहिने हाथ की उंगलियां तोड़ दी। सभी आरोपी चोट मारकर जांन से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। वह अपने पिता के साथ इलाज के लिए पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचा जहा से बाद में परिजनों ने करनाल के एक नीजी अस्पताल में दोनों को इलाज के लिए भर्ती करवाया। हरिओम की शिकायत पर थाना सनौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
सब इंस्पेक्टर महाबीर सिह ने बताया कि थाना सनौली पुलिस ने सोमवार को आरोपी पवन व मोहनलाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने के साथ ही आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक खुदपाला व कस्सी का एक बिंडा बरामद कर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपियों की बेल हो गई।

Comments