स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पानीपत पुलिस अलर्ट.
-दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद. जिला पुलिस ने किया डायवर्जन का प्लान जारी.
BOL PANIPAT : 12 अगस्त 2024, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह और उससे पहले रिहर्सल के चलते 12 और 14 अगस्त की शाम से बार्डर सील करने का फैसला लिया है। दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश 12 अगस्त को शाम से 13 अगस्त दोपहर तक व 14 अगस्त की शाम से 15 अगस्त को दोपहर तक बंद रहेगा।
पानीपत बाबरपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल ने बताया कि दिल्ली के नजदीक होने के चलते पानीपत में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारी की है। दिल्ली पुलिस द्वारा 12 अगस्त की शाम 6 बजे से दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। वाहन 13 अगस्त को दोपहर 1 बजे के बाद ही दिल्ली में जा सकेंगे। इसी तरह 15 अगस्त के कार्यक्रम से पहले 14 अगस्त की शाम 6 बजे से दिल्ली में भारी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन 15 अगस्त को दोपहर एक बजे बाद दिल्ली में प्रवेश कर पाएंगे।
इंस्पेक्टर वेदपाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। आज शाम 6 बजे से 13 अगस्त दोपहर दोपहर 1 बजे तक पानीपत से दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। जीटी रोड पर भारी वाहनों को सिवाह बाईपास से गोहाना, रोहतक की तरफ डायवर्ट किया है। इसी प्रकार 14 अगस्त को साय 6 बजे से 15 अगस्त दोपहर तक भी भारी वाहनों को इसी मार्ग से निकाला जाएगा। सोनीपत जिला में भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। भारी वाहन चालकों से अपील की वे वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।

Comments