Monday, August 17, 2026
Newspaper and Magzine


बिजली विभाग के ठेकेदार के घर के पास से तार, केबल के बंडल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पिकअप और 17 हजार रुपए बरामद

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 17, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 17 अगस्त : सीआईए थ्री पुलिस ने मतलौडा में अनाज मंडी रोड पर बिजली विभाग के एक ठेकेदार के घर के पास रखे पुराने तारों के तीन बंडल चोरी करने वाले दो आरापियों को रविवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान करनाल के पधाना गांव निवासी संजय व हांसी के बांस गांव निवासी टिंकू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रिश्ते में मामा-भांजा हैं।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि रविवार देर शाम उनकी टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दरियापुर मोड़ पर दो संदिग्ध युवक पिकअप गाड़ी खड़ी करके किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने 28 जुलाई की रात मतलौडा में अनाज मंडी रोड पर एक घर के पास रखे बिजली की पुरानी तारों के 3 बंडल चोरी करना स्वीकारा। चोरी की वारदात बारे थाना मतलौडा में बिजली विभाग के ठेकेदार वीरेंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। चोरी किए तारों का वजन करीब 5 क्विंटल था।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया उन दोनों ने शार्टकट तरिके से मोटे पैसे कमाने के लिए मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी रिश्ते में मामा-भांजा है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी संजय ने वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप गाड़ी अपने एक जानकार से फैक्टरी में लगाने की बात कहकर 1 हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से दो महीने के लिए किराये पर ली थी। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने चोरी की केबल के तीनों बंडल एक कबाड़ी को 54 हजार रूपए में बेच दिए थे। 40 हजार रूपए नकद लेकर बाकी पैसों की उधार कर रखी है। दोनों आरोपियों ने चोरी की तार बेचकर हासिल की नकदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 17 हजार रूपए व वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद कर सोमवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

यह है मामला

थाना मतलौडा में गांव मतलौडा निवासी वीरेंद्र पुत्र जय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बिजली विभाग में ठेके लेकर काम करता है, और विभाग के पोलों पर केबल, तार लगाने का कार्य करता है। उसके घर के आसपास बिजली विभाग का स्क्रैप लोहा और काफी संख्या में पुरानी तारों के बंडल रखे हुए थे। 29 जुलाई की सुबह उसने आसपास रखा सामान चेक किया तो पुरानी तारों के 3 बंडल नहीं मिले। यह बंडल 3 से 4 फुट हाईट के थे। अज्ञात चोर 28 जुलाई की रात केबल के तीनों बंडल चोरी कर ले गए। उसने चोरी हुए बंडलों की अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन चोरी कोई पता नहीं चल सका। थाना मतलौडा में ठेकेदार वीरेंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

आरोपी संजय का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ भिवानी, जीन्द व पानीपत में चोरी की वारदातों का एक-एक मामला दर्ज है। आरोपी करीब डेढ़ माह पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।

Comments


Leave a Reply