Sunday, August 30, 2026
Newspaper and Magzine


पेट्रोल पंप पर डकैती के मामले में पांच आरोपियों को यूपी की मुजफ्फरनगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पानीपत पुलिस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 30, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 30 अगस्त : बबैल-राजाखेड़ी रोड स्थित शिव फ्यूल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डकैती के मामले में सीआईए टू पुलिस शनिवार को पांच आरोपियों को यूपी की मुजफ्फरनगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपी साबिर निवासी गढ़ी झंझार, जसबीर निवासी सरगथल सोनीपत व मोहसिन, शहनवाज तथा अमन निवासी नवादा पार यूपी में पेट्रोल पंप पर डकैती के अन्य मामले में मुजफ्फरनगर जेल में बंद थे।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पूछताछ में पांचों आरोपियों ने मामले पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी साहिल उर्फ सुक्खा निवासी जफरपुर गन्नौर (सोनीपत) व सोनीपत जेल में बंद वसीम के साथ मिलकर बबैल राजखेड़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने शनिवार को पांचों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से लूटी गई नकदी बरामद करने का प्रयास करेंगी।
आरोपियों ने यूपी के शामली में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था। शामली पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में गांव बबैल निवासी नरेश पुत्र जसमेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बबैल से राजा खेड़ी रोड पर स्थित शिव फ्यूल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर करीब 5 साल से सेल्समैन के तौर पर काम कर रहा है। 3 जुलाई की रात वह पेट्रोल पंप के ऑफिस में लेटा हुआ था। रात करीब 12:10 बजे सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। वह तेल डालने के लिए ऑफिस से बाहर आया तो कार से 6-7 युवक उतरे। सभी ने अपने चेहरों को सफेद कपड़े से ढक रखा था। तीन युवकों ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी, और अन्य युवक ऑफिस में घुस गए। दो आरोपियों के हाथ में देशी पिस्तौल थे। उन्होंने पिस्तौल के बट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसे काफी चोटें आईं। एक आरोपी ने उसका आईफोन छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। एक आरोपी ने खुद ही मशीन चलाकर कार की तेल की टंकी फुल कर ली, और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदल दी। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार में सवार होकर राजा खेड़ी की तरफ फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद उसने ऑफिस में जाकर देखा तो काउंटर के गल्ले में रखी पेट्रोल पंप की करीब सवा लाख रुपये की सेल के पैसे नहीं मिले। एलईडी भी टूटी हुई थी। उसने पीछे के कमरे में सो रहे पेट्रोल पंप मालिक राकेश को उठाकर पूरी घटना के बारे में बताया। राकेश उसे इलाज के लिए आर्टियोस अस्पताल लेकर पहुंचा। थाना सेक्टर 13/17 में नरेश की शिकायत पर डकैती व धाराओं व आर्म्स एक्ट में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply