साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. पानीपत निवासी युवक से ऑनलाइन बाइक बेचने के नाम पर 1 लाख 5 हजार 250 रूपए की ठगी कर थी
BOL PANIPAT : 07 फरवरी 2025, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गुरूग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान आकाश मिश्रा निवासी रामपुर छपरा सारण बिहार हाल किरायेदार मानेसर गुरूग्राम व बबलू पांडे निवासी हनुमानगंज छपरा सारण बिहार हाल किरायेदार गुरूग्राम के रूप में हुई।
थाना साइबर क्राइम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि थाना साइबर क्राइम में सनौली रोड डेहा बस्ती निवासी अंकित पुत्र महिपाल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि 18 अप्रैल 2024 को उसने फेसबुक पर एक स्पलेंडर बाइक का विज्ञापन देखा था। जिस पर मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। बाइक खरीदने के लिए उसने उक्त नंबर पर कॉल की। उन्होंने बाइक की कुछ फोटो उसके वॉट्सअप पर भेजी। उसको बाइक पसंद आ गई। बातचित के बाद उसे एक पेटीएम नंबर दे कुछ पैसे एडवांस में भेजने के लिए कहा गया। उसने विश्वास कर दो ट्रांजेक्शन में 1 लाख 5 हजार 250 रूपए उक्त पेटीएम नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे बाइक नही मिली। अज्ञात आरोपियों ने झांसे में लेकर बाइक बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर उससे उक्त राशि की ठगी कर ली। थाना साइबर क्राइम में अंकित की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए वीरवार को आरोपी आकाश व बबलू को गुरूग्राम से काबू किया। आरोपी बबलू के खाते में ठगी के 1 लाख 5 हजार 250 रूपए ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में आरोपी बबलू ने पुलिस को बताया उसने अपना बैंक खाता साथी आरोपी आकाश को 5 हजार रूपए में बेचा था आरोपी आकाश ने आगे इस खाते को 28 हजार रूपए में बेचा था। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी बबलू को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी आकाश को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी आकाश से साइबर ठगी के गिरोह में शामिल आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेंगी।

Comments