Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


संकट में समझदारी ही सबसे बड़ी मदद पानीपत में फ़र्स्ट एड प्रशिक्षण ने बढ़ाई जागरूकता: सन्दीप रत्तेवाल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 8, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 8 अप्रैल। आपातकालीन परिस्थितियों में सही समय पर सही कदम उठाने की सीख देने के उद्देश्य से बुधवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के निर्देशों एवं डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के मार्गदर्शन में सेंट जॉन एंबुलेंस, पानीपत द्वारा देवगिरी कारपेटस प्राईवेट लिमिटेड में प्राथमिक उपचार (फ़र्स्ट एड) विषय पर एक प्रभावशाली एवं जागरूकता से भरपूर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया

कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस के सचिव गौरव रामकरण ने किया, जबकि जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेश चंद की देखरेख में प्रशिक्षण सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण रहे फस्र्ट एड लेक्चरर संदीप रत्तेवाल, जिन्होंने अपने सहज, संवादात्मक और व्यावहारिक अंदाज से पूरे सत्र को जीवंत बना दिया। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल में घबराहट नहीं, बल्कि सूझबूझ और त्वरित निर्णय ही जीवन बचाने की कुंजी है।

उन्होंने विशेष रूप से बताया कि आज के समय में हृदयाघात (हार्ट अटैक) के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और ऐसे में सीपीआर का ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को सही तरीके से सीपीआर देना आता है, वह आपात स्थिति में किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सत्र के दौरान डी.आर.एस.ए.बी.सी. सीपीआर, रिकवरी पोजीशन, रक्तस्राव नियंत्रण तथा हड्डी टूटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के महत्वपूर्ण पहलुओं को बेहद सरल और प्रभावी उदाहरणों के साथ समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान लाइव डेमो के माध्यम से घायल व्यक्ति को पट्टी बांधना, रक्तस्राव रोकना और सुरक्षित तरीके से अस्पताल तक पहुँचाने की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।

कार्यक्रम में कर्मचारियों की भागीदारी उत्साहपूर्ण रही। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के सत्र न केवल कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि सामान्य जीवन में भी संकट के समय मददगार बनने की क्षमता विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में कंपनी की ओर से डॉ. अमित, पूजा तथा सचिन ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए फस्र्ट एड लेक्चरर संदीप रत्तेवाल का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर न केवल कार्यस्थलों पर सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में जागरूक, जिम्मेदार और सक्षम नागरिक तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Comments


Leave a Reply