Tuesday, July 7, 2026
Newspaper and Magzine


बीआईएस, हरियाणा शाखा कार्यालय, पानीपत द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at July 7, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 07 जुलाई 2026, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), हरियाणा शाखा कार्यालय, पानीपत द्वारा 5 जुलाई 2026 को ग्राम बबैल, जिला पानीपत में एक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आदर्श महिला मंडल (एनजीओ) तथा ग्राम सरपंच के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को दैनिक जीवन, विशेषकर घरेलू एवं कृषि उपयोग की वस्तुओं में भारतीय मानकों के महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में 57 ग्रामीणों ने भाग लिया।

आदर्श महिला मंडल (एनजीओ) की प्रतिनिधि आशु अरोड़ा ने ग्राम चौपाल के उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता, उपभोक्ता अधिकारों तथा खरीदारी करते समय सोच-समझकर निर्णय लेने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने यह भी बताया कि गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता की जांच किए बिना उत्पाद खरीदने से उपभोक्ताओं को किस प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

संवादात्मक सत्र के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा नकली एवं निम्न गुणवत्ता वाले उत्पादों से संबंधित पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने बीआईएस केयर ऐप का प्रदर्शन करते हुए बताया कि आईएसआई मार्क युक्त उत्पादों की प्रामाणिकता कैसे जांची जा सकती है तथा ऐप के माध्यम से उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।

प्रतिभागियों को हॉलमार्क युक्त स्वर्ण आभूषणों की पहचान, आभूषणों पर अंकित हॉलमार्क एवं एचयूआईडी (HUID) को पहचानने तथा बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता सत्यापित करने की जानकारी भी दी गई।

Comments


Leave a Reply