Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


हत्या के मामले में 12 साल से फरार वांछित आरोपी यूपी से काबू.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 3, 2023 Tags: , , , , ,

आरोपी यूपी विभिन्न स्थानों पर मजदूरी कर छुपकर फरारी काट रहा था

BOL PANIPAT :03 सितम्बर 2023, जिला पुलिस की पीओ स्टाफ टीम ने हत्या के मामले में 12 साल से फरार वांछित आरोपी को यूपी से काबू करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। गिरफ्तार आरोपी नयूम निवासी जडौदा मुजफ्फरनगर यूपी ने गांव निवासी अपने साथी आरोपी भूरा के साथ मिलकर अगस्त 2011 में पानीपत सिवाह खेड़ी रकबा के खेतों में यूपी के मुजफ्फरनगर जिला के गांव मुंढेठ निवासी राफा की शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में परने से गला घोटकर हत्या की थी। आरोपी वारदात के बाद से फरार था।

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना चांदनी बाग में उत्तर प्रदेश के जिला काशीनगर के गांव इंद्रजीत नंगला निवासी मोहर सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि उसने माडल टाउन निवासी सुरेंद्र चानना की गांव सिवाह खेड़ी के रकबा में 20 एकड़ जमीन बुआई के लिए ठेके पर ली हुई है और खेत में बने डेरे पर परिवार सहित रहकर खेती कर रहा है। उसने खेत में एक एकड़ में भिंडी की फसल उगा रखी है। 13 अगस्त 2011 को बाद दोपहर करीब 2 बजै वह अपने भाई वीरेंद्र व गांव निवासी राजेश के साथ खेत में भिंडी तोड़ रहा था।तभी उनको खेत के बीच में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। जिसके मुह से खून निकला हुआ था। शव के पास एक माजा की खाली बोतल, दो डिस्पोजल गिलास, एक शराब का खाली पव्वा, एक सेंट की खाली शीशी व एक अगर बत्ती की डिब्बी व शव से थोड़ा दूर एक बीयर को बोतल पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा अज्ञात के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओ के तहत थाना चांदनी बाग में मुकदमा दर्ज कर शव की पहचान व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बाद में शव की पहचान यूपी के मुजफ्फरनगर जिला के गांव मुंढेठ निवासी राफा 34 के रूप में हुई थी।

इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न पहलूओं पर गहनता से छानबीन करते हुए हत्या की उक्त ब्लाइंड वारदात का पर्दाफास कर नवम्बर 2011 में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला के गांव जडौदा निवासी आरोपी भूरा को गिरफ्तार किया था। आरोपी भूरा ने पुलिस पूछताछ में गांव निवासी साथी आरोपी नयूम के साथ मिलकर अपने मामा राफा की शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में गला घोटकर हत्या करने बारे स्वीकारा था।

तांत्रिक विद्या को लेकर हुई कहासुनी में की राफा की हत्या

आरोपी भूरा ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह गांव निवासी अपने दोस्त नयूम के साथ गांव से 13 अगस्त 2011 को पानीपत में मामा राफा के पास विद्यानंद कॉलोनी में आया था। कॉलोनी के नजदीक लगते खेतों में तीनों बैठकर शराब पी रहे थे। मामा राफा की पत्नी घरेलू झगड़े में मायके गई हुई थी। मामा राफा पत्नी को तांत्रिक विद्या के माध्यम से घर लाने के लिए वही पर तांत्रिक विद्या करने लगा। उन्होंने तांत्रिक विद्या पर भरोसा ना होने की बात कही। इसी को लेकर उनकी मामा राफा के साथ कहासूनी हो गई। कहासुनी में मामा राफा ने उसको थप्पड़ मारा तो दोनों ने मिलकर उसी के परने से गला घोंटकर मामा राफा की हत्या कर दी और शव को वही छोड़कर फरार हो गए थे।

इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना चांदनी बाग पुलिस ने आरोपी भूरा को न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद वारदात में शामिल फरार आरोपी नयूम की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। फरार आरोपी नयूम को वर्ष 2012 में पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय से पुलिस पीओ घोषित करवाया गया था। पुलिस टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठीकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदलकर छुप कर रह रहा था।

इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि जिला पुलिस की पीओ स्टाफ टीम ने शनिवार को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी नयूम को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला के उसके गांव जडौदा से काबू करने में कामयाबी हासिल की। पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके साथी आरोपी भूरा के साथ मिलकर हत्या की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी नयूम को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। आरोपी यूपी में विभिन्न स्थानों पर मजदूरी कर छुपकर फरारी काट रहा था।

Comments