हमें स्वयं तथा अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति रहना चाहिए सचेत: आरती दहिया
बालभवन में समर कैम्प एवं हैल्थ चैकअप में मुख्यअतिथि के तौर पर पंहुची डीसी की धर्मपत्नी
पानीपत, 8 जून। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा स्थानीय बाल भवन में समर कैम्प तथा आदर्श एक विश्वास वेलफेयर सोसायटी द्वारा हैल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डीसी वीरेन्द्र कुमार दहिया की धर्मपत्नी आरती दहिया ने मुख्यअतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान बाल भवन के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बच्चों की डांस प्रतियोगिता एवं मेकअप प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों तथा अन्य लोगों को सम्बोधित करते हुए आरती दहिया ने कहा कि वर्तमान समय में हम सबको अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत होना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बाल भवन में सोसायटी द्वारा लगाया गया हैल्थ चेकअप कैम्प बच्चों के लिए बहुत ही लाभदायक साबित होगा। उन्होंने सोसायटी के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इस तरह के हैल्थ चेकअप कैम्प लगाकर जनहित का कार्य करते रहेंगे। इस दौरान उन्होंने बाल भवन परिसर का निरीक्षण भी किया और बच्चों द्वारा बनाई गई विभिन्न आकृतियों को भी देखा। इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी ने बताया कि प्रदेश भर में पानीपत जिला का ऐसा पहला बाल भवन है जिसमें हर रोज बच्चों को वैरायटी फूड दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि गरीब बच्चों के उत्थान के लिए बाल भवन में एक जून से 30 जून तक समर कै प का आयोजन किया गया है ताकि बच्चों के उद्धार के लिए उन्हें भविष्य के बारे में जानकारियां दी जा सके। इस अवसर पर पोषण अभियान की जिला समन्वयक डॉ. श्रेया मिढ्ढा, सहयोग चेेरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधियों सहित बच्चों के माता-पिता भी मौजूद रहे।

Comments