Tuesday, July 21, 2026
Newspaper and Magzine


पारदर्शी ड्रा से किसानों को मिला कृषि यंत्रों का लाभ, आधुनिक खेती को मिलेगी नई रफ्तार: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 21, 2026 Tags: , , , , ,

तकनीक आधारित खेती से बढ़ेगी उत्पादकता, फसल अवशेष प्रबंधन अपनाकर किसान बचाएं पर्यावरण  

BOL PANIPAT : 21 जुलाई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना वर्ष 2026-27 के तहत कृषि यंत्रों रोटावेटर एवं लेजर लेवलर के लिए पात्र किसानों का ड्रा मंगलवार को जिला सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे की अध्यक्षता में पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडक़र खेती को अधिक लाभकारी, वैज्ञानिक और टिकाऊ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। समेम योजना के माध्यम से कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराकर किसानों की लागत कम करने, श्रम की बचत करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि पात्र किसानों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ड्रा के माध्यम से किया गया है, जिससे प्रत्येक पात्र किसान को समान अवसर मिल सके। उन्होंने चयनित किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कराएं, ताकि अनुदान प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग खेती को अधिक दक्ष, समयबद्ध और लाभदायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने किसानों से आगामी खरीफ सीजन में फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पराली जलाने के बजाय रोटावेटर एवं अन्य कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाएं। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी, पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी और भूमि की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध कृषि, दोनों के लिए फसल अवशेष प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने ड्रा प्रक्रिया में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया तथा किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

  इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. बलवंत साहारण ने बताया कि  समेम योजना के अंतर्गत जिले के कुल 1318 किसानों ने कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किया है। इनमें 769 किसानों ने रोटावेटर तथा 417 किसानों ने लेजर लेवलर के लिए आवेदन किया। गौरतलब है कि जिला कार्यकारिणी समिति की अध्यक्षता में आयोजित ड्रा के दौरान 380 रोटावेटर तथा 210 लेजर लेवलर के लिए किसानों का चयन किया गया।

सहायक कृषि अभियंता डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि ड्रा में चयनित सभी किसान 27 जुलाई 2026 तक अपने आवश्यक दस्तावेज सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराएं, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके और उन्हें योजना का लाभ शीघ्र मिल सके।

Comments


Leave a Reply