युवाओं को नशे से दूर रख खेलों में भविष्य बनाने की सोच के साथ जिला पुलिस द्वारा गांव राणा माजरा में वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया।
BOL PANIPAT : 03 मार्च 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पानीपत जिला पुलिस द्वारा यमुना तलहटी से सटे गांवों के युवाओं को नशे की दलदल से दूर रख पढ़ाई के साथ खेलों में भविष्य बनाने की सोच के साथ गांव राणा माजरा में रविवार को एक दिवसीय वालीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने युवाओं को नशे से दूर रहने व खेलों में भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में गांव राणा माजरा, गढ़ी बेसिक, सनौली, पत्थरगढ़ व सीआईए वन की वॉलीबॉल की टीम ने हिस्सा लिया। गांव राणा माजरा व गढ़ी बेसिक की पंचायत को वालीबॉल के सामान की किट भी भेंट की।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम, इग्नू दिल्ली से प्रोफेसर हिना, सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक, राणा माजरा गांव के सरपंच खुर्शीद, गढ़ी बेसिक गांव के सरपंच रफाकत हसन व विभिन्न गांव के मौजिज व्यक्ति व काफी संख्या में युवा मातृशक्ति मौजूद रही।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य यमुना तलहटी से सटे गांव के युवाओं को प्रेरित कर खेल के मैदान में लाना है, ताकि वे अपराध और नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। नशे से उस व्यक्ति का परिवार ही नहीं बल्कि पूरा समाज प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 में उन्होंने जिला पानीपत पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला था। उनको पहले दिन ही जानकारी मिली थी कि राणा माजरा गांव में नशे की सबसे ज्यादा तस्करी होती है। गांव के युवा वर्ग नशे की गर्त में हैं। दूर दराज के लोग व कॉलेज के बच्चे यहां स्मैक खरीदने आते है। उन्होंने तभी से नशे को जड़ मूल से खत्म करने का फैसला लिया था। थाना सनौली पुलिस के अलावा सीआईए वन टीम प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक को विशेष रूप से इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस ने यहां आस पास के क्षेत्र में विशेष नजर रख नशा तस्करों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा। जिला पुलिस द्वारा नशे पर रोकथाम के लिए सफल प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। इसके लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करना होगा। ताकि युवाओं को इससे बचाया जा सके। यह सब युवाओं की जागरूकता से ही संभव हो सकता है। युवा वर्ग नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ खेलों में भविष्य सवारें। जिला पुलिस द्वारा आगे भी इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी।

Comments