सिविल अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ
BOL PANIPAT : 1 अगस्त । शुक्रवार को स्थानीय सिविल अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त 2025) का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र दहिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक, डॉ. रिंकू सांगवान, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, डॉ. नवमीत, नोडल अधिकारी बाल स्वास्थ्य एवं टीकाकरण, डॉ. अमित पोरिया, डिप्टी एमएस सिविल अस्पताल, डॉ. एकता, बाल रोग विशेषज्ञ और मुख्य नर्सिंग अधिकारी नीलम कटारिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र दहिया ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम और पूर्ण आहार है, जो शिशु को आवश्यक पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता और संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने माताओं से अपील की कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान की शुरुआत अवश्य करें और पहले छह महीने तक केवल मां का दूध ही दें।
इस अवसर पर डॉ. एकता, बाल रोग विशेषज्ञ ने माताओं को बताया कि मां का दूध शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसमें सभी आवश्यक पोषक तत्व, एंटीबॉडी और एंजाइम होते हैं, जो बच्चे को विभिन्न संक्रमणों से बचाते हैं और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि मां के दूध से न केवल शिशु का विकास बेहतर होता है, बल्कि मां को भी प्रसव के बाद स्वास्थ्य लाभ तेजी से होता है और स्तन कैंसर का खतरा कम होता है।
सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से माताओं को स्तनपान के लाभ, सही तकनीक और जरूरतमंद शिशुओं के लिए व्यक्त स्तनदूध (ईएक्सपीआरईएसएसईडी बीआरईएएसटी एमआईएलके) के उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। लेबर रूम और एसएनसीयू में स्तनपान संबंधी जिंगल और लघु वीडियो चलाए जाएंगे तथा सभी प्रसूति स्थलों पर एक्सक्लूसिव स्तनपान कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्राओं ने स्तनपान के महत्व पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस नाटिका के माध्यम से माताओं को जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने, पहले छह महीने तक केवल मां का दूध देने की आवश्यकता पर संदेश दिया गया।कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए शपथ ली।

Comments